चरखी दादरी। बालरोड के ग्रामीणों को जल्द ही पेयजल संकट से स्थायी तौर पर निजात मिलने वाली है। जनस्वास्थ्य विभाग ने गांव में जलघर निर्माण की प्रक्रिया शुरू करते हुए टेंडर जारी कर दिया है। इस प्रोजेक्ट पर करीब डेढ़ करोड़ लागत आएगी और वर्क ऑर्डर जारी होते ही एजेंसी धरातल पर काम शुरू कर देगी।
जनस्वास्थ्य विभाग ने जलघर निर्माण के अलावा नहर से पाइपलाइन बिछाने की योजना भी तैयार की है। इसके अलावा गांव की कई गलियां ऐसी भी हैं, जहां अब तक पेयजल लाइन ही नहीं डाली गई हैं। ऐसी गलियों की भी विभाग ने सूची तैयार कर ली है। सूत्रों के अनुसार गांव के कुछ क्षेत्र में पुरानी पेयजल लाइन हैं और वे जर्जर हो चुकी हैं। इन जर्जर लाइन को बदलवाने की तैयारियां भी विभाग ने शुरू कर दी है।
बालरोड के ग्रामीण लंबे समय से गांव में जलघर निर्माण की मांग उठा रहे हैं और इस संबंध में ग्रामीणों ने कुछ समय पहले विधायक नैना चौटाला को भी मांगपत्र सौंपा था। इस पर संज्ञान लेते हुए विधायक नैना ने जनस्वास्थ्य विभाग को जलघर निर्माण का प्रपोजल तैयार करने के निर्देश दिए थे। उनके निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए विभाग ने प्रस्ताव तैयार कर हेड ऑफिस भेजा था और इसकी स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर आमंत्रित किए गए हैं।
नहर से जलघर तक डाली जाएगी आरसीसी लाइन
जनस्वास्थ्य विभाग ने नहर से जलघर तक पानी पहुंचाने की योजना भी तैयार कर ली है। विभाग नहर से लेकर जलधर तक आरसीसी लाइन दबाएगा। इस कार्य के पूर्ण हो जाने के बाद गांव बालरोड़ की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा।
विधायक नैना का जताया आभार
बालरोड गांव में जलकर बनाने की घोषणा पर जजपा जिलाध्यक्ष नरेश द्वारका, हलका अध्यक्ष राजेश सांगवान, जोन प्रभारी डॉ. ओमप्रकाश, कैलाश शर्मा ने विधायक नैना चौटाला का आभार जताया है। नरेश द्वारका ने कहा कि धन्यवादी दौरों के दौरान महिलाओं और ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष पेयजल समस्या रखी थी, जिसका अब स्थायी समाधान हो जाएगा।
हलके में पेयजल व्यवस्था में सुधार करने के लिए लगभग 12 करोड़ रुपये पेयजल लाइनों पर खर्च किए जाएंगे। बालरोड के अलावा अन्य गांवों में भी जलघर बनवाकर पेयजल संकट से स्थायी तौर पर लोगों को निजात दिलाई जाएगी। आने वाले समय में हलके के किसी गांव में पेयजल समस्या नहीं रहेगी।
नैना चौटाला, विधायक, बाढड़ा