संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। शहर के रोहतक रोड व छोटी बाजारी क्षेत्र में पेजयल लाइन लीक कर रही है। इसके चलते आपूर्ति के समय पेयजल सड़कों पर व्यर्थ बह रहा है। इससे जहां एक तरफ घरों में पेयजल संकट बना हुआ है, वहीं दूसरी तरफ दुकानों के समीप लाइन लीकेज से भरने वाले पानी से कारोबार प्रभावित हो रहा है। लोगों ने जिला प्रशासन से लीकेज लाइन को दुरूस्त करवाने की मांग की है।
शहर के रोहतक रोड स्थित मिलन पेट्रोल पंप के पास पिछले दो माह से और छोटी बाजारी में तीन माह से मुख्य पेयजल लाइन लीक कर रही है। इससे प्रतिदिन करीब 5 हजार लीटर से ज्यादा पानी सड़कों पर व्यर्थ बह रहा है। छोटी बाजारी क्षेत्र निवासी दौलतराम, आनंद कुमार, मुकेश जैन, बिट्टू स्वामी, धर्मबीर शर्मा, मोंटू सांगवान, दीपक जैन, राजीव आदि ने बताया कि लाइन से निकला पानी घरों व दुकानों के सामने भरा हुआ है। पेयजल लाइन ठीक करवाने के लिए कई बार विभाग के कर्मचारियों को अवगत करवा चुके हैं, लेकिन नतीजा सिफर है। उन्होंने बताया कि आपूर्ति के समय सारा पानी व्यर्थ बह जाता है और घरों तक बहुत कम मात्रा में पानी पहुंचता है। इसके साथ ही लाखों रुपये की लागत से बनी सड़क से रोड़ी उखड़नी शुरू हो गई हैं। यहां तक की सड़क के बीच गड्ढे बनते जा रहा हैं। ऐसे में पीडब्ल्यूडी की सड़क को नुकसान पहुंच रहा है और इसे ठीक करने में बार-बार राजस्व की बर्बादी होती है।
वर्जन
हमने टीम से मौका का मुआयना करवा लिया है। बुधवार तक समस्या का स्थायी समाधान करवा दिया जाएगा। इसके बाद स्थानीय लोगों समस्या का सामना नही करना पड़ेगा। - सोहनलाल, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग