घास व मिट्टी से अटी सांजरवास माइनर।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। सांजरवास माइनर की सफाई न होने से पानी टेल तक नहीं पहुंच पा रहा है। विभाग खेतों में टेल तक पानी पहुंचाने का दावा कर रहा है। किसान रमेश हिंडोल, सीताराम सांवड़, पुरुषोत्तम सांवड़, कृष्ण शर्मा ने बताया कि इस समय कई नहरें और माइनर जीर्णशीर्ण अवस्था में होने के कारण बंद पड़ी हैं।
इन नहराें के साथ लगते खेतों में सिंचाई के लिए नहरी पानी नहीं पहुंच रहा है जिससे किसानों को नुकसान झेलना पड़ रहा है। ट्यूबवेल आदि से सिंचाई का कार्य आर्थिक तौर पर महंगा पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि सांजरवास माइनर खस्ताहाल बनी हुई है। इसकी लंबे समय से सफाई नहीं की गई है।
इस कारण साथ लगते गांव हिंडोल व सांवड़ के खेतों में नहरी पानी पर्याप्त मात्रा में नहीं पहुंच रहा है। टेल तक पानी न पहुंचने के कारण सिंचाई नहीं हो पा रही है। किसानों का कहना है कि सांजरवास माइनर में गाद, मिट्टी जमा होने और घास उगने से पानी आखिरी टेल तक नहीं पहुंच पा रहा। माइनर की सफाई की जानी चाहिए।
काफी लंबे समय से माइनर की सुध नहीं ली गई है। किसानों ने सरकार और सिंचाई विभाग के अधिकारियों से सांजरवास माइनर की सफाई करवा कर पर्याप्त मात्रा में नहरी पानी उपलब्ध कराने की मांग की है। किसानों ने कहा कि यदि सफाई नहीं हुई तो रबी सीजन में सैकड़ों एकड़ भूमि सिंचाई से वंचित रह जाएगी और उन्हें भारी नुकसान होगा।