चरखी दादरी। विधायक नैना चौटाला ने कहा कि गांव मकड़ानी और संतोखपुरा में जलघरों का निर्माण करवाया जाएगा। यह बात विधायक नैना ने बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में ग्रामीणों से बातचीत करते हुए कही।
विधायक नैना ने गांव मकड़ानी और खेड़ी सनवाल में भीमराव आंबेडकर भवन का शिलान्यास किया। वहीं, गांव महराणा में मनरेगा योजना के तहत काम करने वाली श्रमिक महिलाओं को सम्मानित किया।
विधायक नैना चौटाला ने कहा कि गांव महराणा वासियों को अब जलभराव की समस्या से छुटकारा मिल जाएगा। उन्होंने गांव मकड़ाना और मकड़ानी में महिलाओं के लिए सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ भी किया। वहीं, खेड़ी सनवाल और महराणा को अपने निजी कोष से पानी के टैंकर भी मुहैया करवाने की घोषणा की।
नैना ने नवनिर्मित खेड़ी सनवाल माइनर, गोठड़ा सब-माइनर सहित अनेक विकास योजनाओं का उद्घाटन भी किया। इस अवसर पर खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के चेयरमैन राजेंद्र लितानी, जिलाध्यक्ष नरेश द्वारका, शीला भ्याण, राजेश सांगवान झोझू, कुलविंद्र राणा, सत्येंद्र दातौली, एडवोकेट भूपेंद्र , दिनेश गोठड़ा, धर्मराज, लक्ष्मी बलौदा, कमलेश सोनी, शकुंतला सांगवान आदि मौजूद रहे।
हलका के हर घर तक स्वच्छ पानी पहुंचाना है लक्ष्य
विधायक नैना चौटाला ने कहा कि बाढड़ा हलका के घर-घर तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाना उनका पहला लक्ष्य हैं। इस मुहिम को पुरा करने के लिए वे सदैव प्रयासरत रहेंगी। पिछले साढ़े तीन साल में बाढड़ा हलके के गांव-गांव तक पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए कई परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। हर घर तक शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की इस मुहिम को आगे बढ़ाते हुए अब गांव मकडानी और संतोखपुरा में भी जलघर का निर्माण करवाया जाएगा।