फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: चार लोकसभा चुनाव बीते, तोशामिया मोहल्ले में नहीं पहुंचा पानी

Mon, 20 May 2024 04:48 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
जनस्वास्थ्य विभाग कार्यालय में जेई को शिकायत सौंपते तोशामिया मोहल्ला के लोग। 
विज्ञापन
चरखी दादरी। शहर के वार्ड-9 स्थित तोशामिया मोहल्ले में दो दशक से पेयजल की समस्या है। मोहल्लावासियों का कहना है कि चार साल बाद भी उन्हें पेयजल संकट से निजात नहीं मिली। इस बार लोकसभा चुनाव में पेयजल संकट उनके लिए बड़ा मुद्दा है, लेकिन किसी भी पार्टी का प्रत्याशी उन्हें आश्वस्त करने नहीं पहुंचा। इससे गुस्साए वार्ड के लोगों ने रविवार को जनस्वास्थ्य विभाग, जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया।
विज्ञापन

इस संवाददाता ने रविवार को तोशामिया मोहल्ला पहुंचकर वहां दो दशक से बनी पेयजल समस्या का जायजा लिया। लोगों ने बताया कि मोहल्ले के 40 घरों में पिछले दो दशक के अंदर कभी-कभार ही पानी पहुंचा है। समस्या के समाधान के लिए वह तीन बार सीएम विंडो और छह बार जनस्वास्थ्य विभाग एक्सईएन कार्यालय में शिकायत दर्ज करवा चुके है।
इन तमाम प्रयासों के बावजूद समस्या नहीं सुलझ सकी। इस कारण मोहल्ले के लोग कैंपर और टैंकर से पानी खरीदकर दैनिक जरूरतों को पूरा कर रहे हैं। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि करीब 200 लोग लगातार पेयजल संकट का दंश झेल रहे हैं। इसके बावजूद विभाग ने समस्या का समाधान नहीं किया।
विज्ञापन


- यूं पी रहे 78,000 रुपये का पानी प्रतिमाह
मोहल्ले के 40 मकानों में पेयजल की नियमित आपूर्ति नहीं हो पाती। प्रत्येक मकान में पानी के दो कैंपर रखवाए जाते हैं। इसके लिए हर मकान मालिक को 30 रुपये रोज चुकाने पड़ते हैं। इस लिहाज से 40 घरों के अंदर एक माह में 36,000 रुपये के कैंपर रखवाए जाते हैं। एक माह में करीब 70 टैंकर डलवाए जाते हैं और प्रति टैंकर 600 रुपये के हिसाब से 42,000 रुपये खर्च हो रहे हैं।

लोग बोले : कई जगह लगाई गुहार रही बेअसर
कॉलोनी में बनी पेयजल समस्या के समाधान के लिए कई बार चंपापुरी स्थित मुख्य कार्यालय में पहुंचकर शिकायत दर्ज करवा चुके हैं, लेकिन विभाग का कोई अधिकारी या कर्मचारी समाधान करवाने नहीं आया। - सुशीला देवी।
वार्ड में पर्याप्त मात्रा में पेयजल आपूर्ति न होने के बाद भी जनस्वास्थ्य विभाग पानी के बिल भेज देता है। दूसरी ओर कॉलोनी के लोग पानी के कैंपर और टैंकर मंगवाकर घरों में पानी संबंधी जरूरतें पूरी कर रहे हैं। - सरला देवी।
वार्ड में कभी-कभार ही नल से पांच या दस मिनट तक पानी पहुंचता है। तोशामिया मोहल्ले के लोग कई साल से परेशान हैं। कई बार शिकायत करने के बाद भी विभाग ने समस्या का समाधान नहीं किया। - रवि कुमार, वार्डवासी।
जनस्वास्थ्य विभाग की अनदेखी का खामियाजा मोहल्ला के कई लोग भुगत रहे हैं। उन्हें महंगा पानी खरीदना पड़ रहा है। जलापूर्ति बंद होने के बावजूद विभाग पेयजल के बिल नियमित रूप से भेज रहा है। - कृष्ण कुमार, वार्डवासी।

मोहल्ले में पिछले करीब दो दशक से पेयजल की समस्या है। मोहल्ले के लोगों का दर्द जायज है। समस्या सुलझाने के लिए मैं हरसंभव प्रयास कर चुका हूं, लेकिन विभाग ने समस्या नहीं सुलझाई। - विनोद सिंहमार, पार्षद, वार्ड-9

तोशामिया मोहल्ले में पेयजल आपूर्ति न पहुंचने की शिकायत विभाग को मिली है। अगले 10 दिन में कॉलोनी के हर घर तक पानी पहुंच जाएगा। इसके बाद लोगों की समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा। - धीरेंद्र सांगवान, जेई, जनस्वास्थ्य विभाग, चरखी दादरी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें