चरखी दादरी। शहर के पेयजल उपभोक्ता साढ़े 17 करोड़ का पानी पी गए अब बिल भरने में पसीना छूट रहा है। 8,000 उपभोक्ताओं की ओर से समय पर बिल नहीं चुकाने से जनस्वास्थ्य विभाग को करोड़ों रुपये की चपत लग रही है।
इस समय जन स्वास्थ्य विभाग का सरकारी व गैर सरकारी संस्थाओं व आम उपभोक्ताओं पर साढ़े 17 करोड़ रुपये बकाया है। इसके लिए विभाग इन संस्थाओं और कनेक्शन धारकों को कई बार अवगत करवा चुका है। इसके बावजूद उपभोक्ता बिल देने में रुचि नहीं ले रहे हैं।
विज्ञापन
जनस्वास्थ्य विभाग ने नगर में 12,471 उपभोक्ताओं को पानी के कनेक्शन जारी कर रखे हैं। शहर के 8,000 उपभोक्ता समय पर बिल भरने में मनमानी बरत रहे हैं। विभाग से मिले आंकड़ों के अनुसार, फिलहाल सरकारी व गैर सरकारी संस्थाओं की तरफ पिछले 10 साल से बिल बकाया चला रहा है। इन उपभोक्ताओं की कुल राशि साढ़े 17 करोड़ रुपये है।
सबसे अधिक बकाया राशि बिजली निगम की बनी हुई है। बिजली निगम की तरफ से 11 कनेक्शनों का पिछले 10 साल से 20 लाख बकाया है। जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शहर के 30 प्रतिशत उपभोक्ता ही समय पर पानी और सीवर का बिल भर रहे हैं।