चरखी दादरी। नौतपा के पहले दिन भीषण गर्मी पड़ी और मौसम ने मतदाताओं की अग्नि परीक्षा ली। दादरी और बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र में मतदान के शुरुआती तीन घंटे में 9.5 प्रतिशत मतदान हुआ तो वहीं आखिरी के तीन घंटे में 15 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर वोट डाले।
दादरी विधानसभा क्षेत्र के सुबह 9 बजे तक के आंकड़े देखें तो 7 प्रतिशत मतदान हुआ है। वहीं, बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र में इस समय अवधि तक 12 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके बाद दोपहर एक बजे तक दादरी विधानसभा क्षेत्र में 45.1 प्रतिशत तो बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र में 47.5 प्रतिशत मतदान हुआ। ऐसे में स्पष्ट है कि दोपहर के समय बाढड़ा के बजाय दादरी विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं में मतदान के प्रति रुझान ज्यादा देखने को मिला।
शाम 5 बजे की स्थिति देखें तो दादरी विधानसभा क्षेत्र में 51.5 और बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र में 54.6 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं, शाम छह बजे मतदान समाप्त होने तक दादरी विधानसभा क्षेत्र में मतदान प्रतिशत बढ़कर 59 और बाढड़ा में 63 प्रतिशत हो गया। अंत में बाढड़ा के मतदाताओं ने इस बार भी मतदान के मामले में दादरी हलके के मतदाताओं को पीछे छोड़ दिया।
दोपहर को सुने रहे मतदान केंद्र
दादरी और बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र में दोपहर के समय मतदान केंद्र सुने रहे। खासकर एक से तीन बजे तक ज्यादातर मतदाताओं पर गिने-चुने मतदाता ही पहुंचे। वहीं, शाम को आखिरी एक घंटे में दादरी विधानसभा क्षेत्र में 8.5 प्रतिशत और बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र में 8.4 प्रतिशत मतदान हुआ।
वर्ष 2019 और 2024 में हुए मतदान की तुलनात्मक स्थिति
विधानसभा क्षेत्र- वर्ष 2019 - वर्ष 2024 में
दादरी- 67.84 प्रतिशत- 59 प्रतिशत
बाढड़ा- 69.71- 63 प्रतिशत
स्ट्रॉन्ग रूम में जमा हुईं ईवीएम, 4 को होगा प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला
इस लोकसभा चुनाव में भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से 17 प्रत्याशी मैदान में हैं। मतदान समाप्त होने के बाद पोलिंग टीमों ने ईवीएम लाकर स्ट्रॉन्ग रूम में जमा करवा दी है। 4 जून को मतगणना होगी और इसके बाद ही प्रत्याशियों का भाग्य तय हो पाएगा।