गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं एप, विधानसभा अनुसार देख सकेंगे वोटर टर्नआउट
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। चुनाव आयोग ने तकनीक का इस्तेमाल करते हुए चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए कई बड़े कदम उठाए हैं। इसी कड़ी में वोटर टर्नआउट एप लॉंच किया गया है। इसकी मदद से मतदान के दौरान रियल टाइम में यह जाना जा सकता है कि कहां-कितने प्रतिशत मतदान हुआ है। इसके अलावा मतदान प्रतिशत के आंकड़ों को यूजर फेसबुक, ट्विटर, व्हाट्सएप, जी-मेल आदि सोशल मीडिया के जरिये साझा भी कर सकता है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त राहुल नरवाल ने बताया कि निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के अनुसार मतदान के आंकड़े दर्ज करने के अलग-अलग समय स्लॉट में सभी प्रविष्टियों को पोर्टल पर अपडेट किया जाएगा। इसके बाद मतदान की समाप्ति के बाद, सिस्टम विस्तृत मतदान रिपोर्ट निर्वाचन क्षेत्रवार अनुसार प्रविष्ट किया जाएगा, जिसमें कुल मतदाताओं के मुकाबले पुरुष, महिला और थर्ड जेंडर संख्या के साथ आंकड़ों को प्रस्तुत किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि वोटर टर्नआउट एप को गूगल प्ले स्टोर व एप्पल स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। इसके अलावा चुनाव आयोग की वेबसाइट से भी यह एप डाउनलोड करने की सुविधा है।