मतदाता सूचना पर्ची में मिलेगी मतदाता सूची की क्रम संख्या, मतदान केंद्र, मतदान की तिथि व समय की जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। पांच अक्तूबर को होने वाले मतदान के मद्देनजर बीएलओ ने मतदाताओं को मतदाता सूचना पर्ची वितरण का कार्य शुरू कर दिया गया है। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार यह कार्य 30 सितंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त राहुल नरवाल ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जिला के दोनों विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। चुनाव आयोग की ओर से इस बार अनूठी पहल की गई है। संबंधित बूथों के बीएलओ की ओर से मतदाता सूचना पर्ची का वितरण किया जा रहा है। इसके अलावा अधिक से अधिक मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मतदाताओं को स्वीप गतिविधियों के जरिये भी प्रशासन की ओर से गठित टीमें जागरूक कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि मतदाताओं को मतदान संबंधी सूचना के लिए मतदाता सूचना पर्ची में मतदाता सूची की क्रम संख्या, मतदान केंद्र, मतदान की तिथि, समय आदि से संबंधित जानकारी क्यूआर कोड के साथ शामिल है। उन्होंने सभी बीएलओ का आह्वान किया कि निर्धारित समय पर मतदाताओं को पर्ची वितरण करें। ताकि, मतदाताओं को मतदान के दिन यानी पांच अक्तूबर को वोट करने के लिए किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।