चरखी दादरी। गांव पांडवान और मानकावास के आंगनबाड़ी केंद्र से स्वीप टीम की अगुवाई में गांव की महिलाओं ने गांव में जागरुकता रैली निकाली और उन्हें मतदान करने का संदेश दिया।
जिला सह निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. जयेंद्र छिल्लर के निर्देशन और स्वीप नोडल अधिकारी राजबाला फौगाट के नेतृत्व में 56-दादरी स्वीप टीम का यह अभियान संचालित हो रहा है। टीम नुक्कड़ नाटक, गीत, भजन, जागरूकता रैली, लोकगीतों आदि गतिविधियों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने लिए प्रयासरत है। डॉ. सतीश साहू, वीरेंद्र सिंह, अनिल फौगाट, राजीव अरोड़ा सहित सभी सदस्यों ने गांव मानकावास और पांडवान में जनजागरण अभियान चलाया। इसमें सरपंच रविंद्र कुमार, पूर्व सरपंच राजकरण, सरपंच प्रतिनिधि अमित, आंगनबाड़ी वर्कर, आशा वर्कर और विद्यार्थियों ने सहयोग किया।
परिजनों को मतदान के लिए प्रेरित करें विद्यार्थी : प्रदीप कौशिक
चरखी दादरी। मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए स्वीप टीम की ओर से मंगलवार को मौड़ी गांव स्थित एक निजी स्कूल में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बतौर मुख्य वक्ता जिला परिषद सीईओ प्रदीप कौशिक ने शिरकत की।
उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। विद्यार्थी इसमें अपना योगदान देकर अपने परिजनों को मतदान के लिए प्रेरित करें। मतदान प्रयोग करने से लोकतंत्र की नींव मजबूत होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से बालिग होने के बाद सभी चुनाव में भाग लेने का आह्वान किया।
स्वीप टीम के सदस्य सुंदरपाल फौगाट, हरपाल आर्य और रविंद्र जाखड़ ने मतदान के दिन प्रदान की जाने वाली सुविधाएं बताईं। सुरेश सोलंकी ने बताया कि 30 बच्चों ने पोस्टर बनाओ प्रतियोगिता में भाग लिया। विद्यार्थियों ने मतदाता जागरुकता लघु नाटिका प्रस्तुत कर शत प्रतिशत मतदान का संदेश दिया। इस अवसर पर प्राचार्य प्रदीप कुमार, कटार सिंह, दयावंती, प्रियंका, संगीता, भूपेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।