चरखी दादरी। जिले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से पहली बार हेपेटाइटिस-बी और सी के लिए वायरल लोड टेस्टिंग शुरू की गई है। बाढड़ा पीएचसी और बौंदकलां सीएचसी में वीरवार से जांच शुरू की गई है जबकि दादरी में ट्रायल के तौर पर तीन माह पहले टेस्टिंग शुरू की गई थी। फिलहाल जिले में 56 मरीजों का उपचार जारी है।
दरअसल, स्वास्थ्य विभाग के पास लंबे समय से वायरल लोड सुविधा की कमी थी और मरीजों को स्क्रीनिंग के बाद रोहतक रेफर किया जाता था। इससे मरीजों की रिपोर्ट आने में काफी समय लगता था और भागदौड़ से बचने के लिए मरीज निजी अस्पताल में जांच करवाते थे। इससे उन्हें अपनी जेब भी ढीली करनी पड़ती थी। अब तीन माह से दादरी नागरिक अस्पताल में टेस्टिंग सुविधा जारी है जबकि बौंदकलां सीएचसी और बाढड़ा पीएचसी में वीरवार को शुरुआत की गई। अब इन स्वास्थ्य केंद्रों के मरीजों को अन्य जिलों का रुख करने की आवश्यकता नहीं रहेगी और उन्हें उनके खंड में ही वायरल लोड टेस्टिंग सुविधा मिल पाएगी।
विभाग की ओर से जनवरी माह की बात करें तो नागरिक अस्पताल में एच-सी के 836 मरीज मिले और इनमें सात मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। वहीं, एच-बी के 1029 मरीजों की जांच की गई और इसमें मरीजों की संख्या शून्य मिली।
मरीजों की बचेगी निजी अस्पतालों की फीस : जिले में टेस्टिंग शुरू होने से मरीजों को दूसरे रोहतक रेफर नहीं करना पड़ेगा। एच-बी और सी की जांच के लिए निजी अस्पताल व लैब में दो हजार से पांच हजार तक फीस ली जाती है।
इससे मरीजों की जेब पर काफी आर्थिक दबाव पड़ता था, लेकिन उनकी जांच जिला अस्पताल में निशुल्क की जाएगी। साथ ही दवाओं भी विभाग के पास पूरा स्टॉक है। संवाद