फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने घेरा थाना

विज्ञापन
विज्ञापन
बिजली निगम की चेकिंग टीम के सहायक लाइनमैन के साथ मारपीट करने के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से क्षुब्ध ग्रामीणों ने शनिवार को बौंदकलां थाने का घेराव किया। सुबह साढ़े नौ बजे से दोपहर दो बजे तक ग्रामीण थाने में डटे रहे और डीएसपी रामसिंह बिश्नोई ने तीन आरोपियों की गिरफ्तारी होने की बात कह ग्रामीणों थाने से भेजा। दूसरी ओर पुलिस ने तीनों आरोपियों को चरखी दादरी कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जमानत पर रिहा किया गया है। पुलिस ने शांति बनाने के लिए दोपहर बाद मुख्य बाजार में फ्लैग मार्च भी निकाला।
विज्ञापन

गौरतलब है कि गत 18 मार्च को दोपहर ढाई बजे चेकिंग के लिए पहुंची बिजली निगम की टीम से कस्बे के मुख्य बाजार में दुर्व्यवहार किया गया। इतना ही नहीं बौंदकलां निवासी सहायक लाइनमैन अजेंद्र से मारपीट भी हुई थी। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस ने एसडीओ घनश्याम दास की शिकायत पर तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इसी मामले की जांच के लिए डीएसपी ने दोनों पक्षों को शनिवार को तलब किया था, लेकिन शनिवार सुबह सहायक लाइनमैन अजेंद्र के पक्ष से लोग आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं करने पर थाने में पहुंच गए। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि आज सुबह भी घर पर आकर मारपीट की गई है। पुलिस द्वारा गिरफ्तारी नहीं करने पर ग्रामीणों ने करीबन 10 बजे थाने का घेराव कर दिया। ग्रामीणों ने दादरी चंडीगढ़ मार्ग पर जाम लगाने का भी प्रयास भी किया, लेकिन बाद में वे खुद ही सड़क से हट गए। उक्त ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक थाने में बैठे रहने की बात कही।
सुबह साढ़े दस बजे डीएसपी राम सिंह थाने में पहुंचे। डीएसपी ने पहले आरोपी पक्ष के महेंद्र सोनी, मान सिंह, गजेंद्र एडवोकेट, कैप्टन रोशन, रिटायर्ड इंस्पेक्टर गंगाराम, छिबजेंद्र वशिष्ठ, सुनील उर्फ टूनू, जगदीश और कृष्ण सोनी से मामले के बारे में पूछताछ की। इसके बाद में पीड़ित पक्ष के नरेश पंच, पूर्व वाइस चैयरपर्सन प्रतिनिधि भूपेंद्र परमार, संजीव, करतार, भोली, दीपक एडवोकेट, मुकेश, जयभगवान और बिजेंद्र से मामले के बारे में पूछताछ की। इसके बाद में डीएसपी ने बिजली निगम के एसडीओ घनश्याम दास, जेई प्रदीप हुड्डा, सनी एएलएम, रूपेन एएलएम, कृष्ण चालक, राजकुमार सांगवान सीए, जयबीर यूडीसी और अजेंद्र सहायक लाइनमैन से भी घटना के बारे में पूछताछ की। डीएसपी ने दोपहर डेढ़ बजे ग्रामीणों को बताया कि सहायक लाइनमैन से मारपीट करने के मामले में अमित, संजय और अमित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद ग्रामीण थाने से चले गए।
विज्ञापन

सहायक लाइनमैन की पत्नी ने दी समझौते के लिए दबाव बनाने की शिकायत
चेकिंग टीम के सहायक लाइनमैन अजेंद्र की पत्नी संगीता ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि शनिवार सुबह नौ बजे वह घर पर अकेली थी। इसी दौरान पूर्व जिला पार्षद महेंद्र सोनी 15-20 व्यक्तियों के साथ वहां पहुंचा। उस पर मारपीट मामले में समझौता करने के लिए दबाव बनाया गया। समझौते से मना करने पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
पूर्व जिला पार्षद ने भी दी घर पर बुलाकर मारपीट करने की शिकायत
पूर्व जिला पार्षद महेंद्र सोनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दो दिन पहले उसके परिवार का बिजली कर्मचारियों के साथ विवाद हो गया था। जिसका मामला थाने में लंबित है। शनिवार सुबह डीएसपी की जांच के लिए परिवार के साथ जा रहे थे। उसी समय भाई के लड़के के पास गजेंद्र सिंह का फोन आया और बताया कि सहायक लाइनमैन का परिवार समझौता करने के लिए कह रहा है। इनकी बात पर भरोसा करके जब वह घर गया तो उनके साथ मारपीट की गई।
दुकानदारों ने दी जबरन बाजार बंद करवाने की दी शिकायत
दुकानदार जयभगवान और बिजेंद्र ने शनिवार को सहायक लाइनमैन के साथ मारपीट करने के आरोपियों के घर वालों पर जबरन दुकानों को बंद करने का आरोप लगाया है। इस बारे में दोनों दुकानदारों ने लिखित शिकायत पुलिस को दी है।
18 मार्च को बिजली निगम की टीम के सहायक लाइनमैन के साथ हुई मारपीट और टीम के साथ अभद्र व्यवहार के मामले में तीनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को पीड़ित सहायक लाइनमैन की पत्नी, पूर्व जिला पार्षद द्वारा दी गई शिकायत और दुकानदारों ने जो शिकायत दी हैं, उनकी जांच हम करेंगे।
विज्ञापन

- रामसिंह बिश्नोई, डीएसपी

बौंदकलां थाने में प्रवेश करते ग्रामीण।- फोटो : CharkhiDadri

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें