खरक। भिवानी-रोहतक मार्ग और खरक कलां के आंतरिक रास्तों की बदहाली व जलभराव को लेकर ग्रामीणों में रोष है। धानक जनकल्याण मंच के प्रदेश अध्यक्ष संदीप खरकिया ने जल्द समाधान न होने पर ग्रामीणों के साथ चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री से मुलाकात करने की चेतावनी दी है।
संदीप खरकिया ने बताया कि खरक बस स्टैंड से करीब एक किलोमीटर आगे तक सड़क के बीच बड़े-बड़े गड्ढे बने हैं। इस मार्ग से रोजाना हजारों वाहन चालक, स्कूली बच्चे और मरीज गुजरते हैं। इसी रास्ते पर स्कूल, कॉलेज और मेडिकल संस्थान स्थित हैं। गड्ढों के कारण हादसों का अंदेशा बना रहता है और कई बार स्कूली बसें दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बची हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित विभाग के उच्च अधिकारियों को बार-बार अवगत कराने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
प्रवेश मार्गों और गलियों में जलभराव
गांव खरक के प्रवेश मार्गों और गलियों में बरसाती पानी जमा होने से आवागमन बुरी तरह प्रभावित है। संदीप खरकिया ने कहा कि यदि विभाग ने जल्द सड़क की मरम्मत और जलभराव की निकासी का काम शुरू नहीं कराया तो ग्रामीण एकजुट होकर चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री से सीधा संवाद करेंगे।