झोझू कलां। कस्बा झोझू कलां स्थित बिजली घर में मंगलवार को असावरी फीडर से जुड़े ग्रामीण बिजली की लगातार कटौती और अनियमित आपूर्ति से परेशान होकर अपनी शिकायत लेकर पहुंचे। ग्रामीणों ने बिजली निगम के एसडीओ प्रवीन कुमार से मुलाकात कर क्षेत्र में लंबे समय से हो रही बिजली समस्या से अवगत कराया और जल्द समाधान की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि बार-बार लगने वाले बिजली कटों के कारण घरेलू कार्यों के साथ-साथ किसानों और आम उपभोक्ताओं को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही कटौती से लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है, इसलिए बिजली आपूर्ति को नियमित किया जाए।
इस दौरान ग्रामीणों ने असावरी फीडर के लिए एक प्रस्तावित समय-सारिणी भी एसडीओ को सौंपी। प्रस्ताव के अनुसार बिजली आपूर्ति का समय सुबह 10:45 बजे से शाम 6:45 बजे, रात 8:30 बजे से सुबह 3:30 बजे तथा सुबह 6:30 बजे से 7:30 बजे तक निर्धारित करने का सुझाव दिया गया। ग्रामीणों का कहना था कि यदि इस समय-सारिणी के अनुसार बिजली उपलब्ध कराई जाती है तो क्षेत्र के अधिकांश उपभोक्ताओं की समस्या का समाधान हो सकता है। एसडीओ परवीन कुमार ने ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि प्रस्तावित समय-सारिणी और उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई की जाएगी तथा बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
बिजली घर पहुंचे ग्रामीणों में कन्नी खाप-13 के प्रधान सूरजभान सांगवान, रणबीर सिंह, दीपक, कुलदीप, अंकित, ललित, ईश्वर, रहीम, नवीन, राममेहर, राजबाला, जगवंती, राजपति, मास्टर अरुण, छोटन सहित बड़ी संख्या में अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।