चरखी दादरी। चंपापुरी जलघर में युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या करने के दो आरोपियों को सिटी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अभी अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी होनी बाकी है। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों अजय और बोबी ने हत्याकांड को अंजाम देने की बात कुबूल ली है। आरोपियों ने बताया कि मृतक विकास ने उनके साथ पहले मारपीट की थी और उसी का बदला लेने के लिए उन्होंने हत्या की है।
गत नौ मई को चंपापुरी जलघर परिसर में गली नंबर पांच निवासी विकास की कुछ युवकों ने चाकुओं और डंडों से हमला कर हत्या कर दी थी। इस मामले में मृतक के भाई के बयान पर सिटी थाना पुलिस ने तीन नामजद समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया था। सिटी थाना पुलिस ने चंपापुरी निवासी आरोपी अजय और बोबी उर्फ कालिया को मंगलवार शाम चंपापुरी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अजय ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि करीब आठ माह पहले विकास ने उसे चोटें मारी थीं। इसके बाद से ही वह उससे रंजिश रखे हुए था। गत नौ मई को जलघर परिसर में उन्हें विकास मिल गया और चाकुओं से हमला कर उन्होंने उसकी हत्या कर दी।
वर्जन::
इस मामले में चंपापुरी निवासी अजय और बोबी उर्फ कालिया को पुलिस गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं और उन्हें भी जल्द पकड़ लिया जाएगा।
पवन कुमार, पुलिस प्रवक्ता