चरखी दादरी/कादमा। लड़खड़ाई बिजली आपूर्ति से परेशान तीन गांवों के ग्रामीणों ने शुक्रवार सुबह कादमा गांव के बिजली सब स्टेशन पर ताला जड़ दिया। बिजली की समस्या से त्रस्त ग्रामीणों ने सब स्टेशन परिसर में धरना भी दिया। इसके साथ ही एसडीओ को भी धूप में बैठाकर गर्मी का अहसास कराया। हालांकि, एसडीओ के लिखित आश्वासन देने पर ग्रामीणों ने ताला खोला व धरना खत्म कर दिया।
कादमा, बड़राई व गोपालवास के ग्रामीण डेढ़ माह से गर्मी की मार झेल रहे हैं। बिजली आपूर्ति न होने के कारण परेशानी सीमा लांघ चुकी है। शुक्रवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूटा और सुबह 9 बजे तीनों गांवों से करीब 250 लोग बिजली सब स्टेशन पर पहुंचे।
विज्ञापन
यहां पर उन्होंने कार्यालय की सभी लाइटें बंद कर दीं। गेट बंद कर ताला लगा दिया। बाद में धूप में बैठकर रोष जताया। मौके पर पहुंचे जेई धनसिंह ने जानकारी एसडीओ को दी तो दो घंटे बाद एसडीओ अनिल गुप्ता मौके पर पहुंचे तो उन्हें धूप में अपने साथ बैठा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत की और समझाने का प्रयास किया।
ग्रामीणों ने परेशानी बताई तो आधा घंटा बातचीत के बाद एसडीओ ने लिखित में आश्वासन दिया। इसमें ग्रामीण व ट्यूबवेल के लिए अलग प्रकार से बिजली देने की जानकारी दी। बाद में ग्रामीण खुश हुए और पानी पिलाकर उनको कार्यालय में बैठाया। इसके बाद ग्रामीण धरना खत्म कर घर लौट गए। दोपहर डेढ़ बजे बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई।