चरखी दादरी। सुबह, दोपहर और शाम को शहर की मुख्य सड़कों पर चलते-चलते अब लोगों की सांसें नहीं फूलेंगी। इसके लिए नगर परिषद की ओर से पूरे शहर में 125 जगहों पर विक्टोरियन बेंच लगवाई जाएंगी। खास बात यह है कि इसके लिए निविदा प्रक्रिया सिरे चढ़ चुकी है। 15 मई से एजेंसी काम शुरू कर देगी।
सुबह व शाम सैकड़ों लोग शहर की मुख्य सड़कों पर सैर करते हैं। फिलहाल, किसी भी मुख्य सड़क के किनारे बेंच नहीं हैं। सुबह-शाम की सैर करने वाले बुजुर्गाें व दिव्यांगों को यह कमी लंबे समय से खल रही थी। इस संदर्भ में नगर परिषद को मांगें भी सौंपी गईं। इसके बाद मांग पर संज्ञान लेकर नगर परिषद के अधिकारियों ने मसौदा तैयार किया और अब परवान चढ़ाने के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
अब आवंटन प्रक्रिया पूरी कर एजेंसी को कार्यादेश जारी किया जाएगा। प्रयास है कि 15 मई तक शहर की सड़कों पर बेंच सुविधा मुहैया कराने की कवायद शुरू कर दी जाए।
दादरी शहर की बात करें तो 21 वार्ड हैं। आबादी 90 हजार है। प्रतिदिन शहर के सैकड़ों लोग सुबह-शाम सड़कों पर घूमते हैं। बेंच रखने के बाद उन्हें घूमने के दौरान आराम करने के लिए बैठने की जगह उपलब्ध हो जाएगी। श्वांस रोगियों और बुजुर्गाें को इससे काफी राहत मिलेगी।
इन जगहों पर रखी जाएंगी बेंच
नगर परिषद के अधिकारी बस स्टैंड रोड, रोहतक रोड, सरदार झाडू सिंह चौक रोड, कोर्ट रोड, चंपापुरी क्षेत्र, लाधान पाना से हीरा चौक रोड, गांधीनगर में नवनिर्मित बाईपास, कॉलेज रोड, महेंद्रगढ़ चुंगी क्षेत्र, पंचनद चौक से स्टेडियम चौक रोड, कनीना टी-पॉइंट और झज्जर घाटी रोड पर विक्टोरियन बेंच रखवाएंगे।
तीन हजार से अधिक लोग करते हैं सैर
शहर के तीन हजार से ज्यादा लोग सुबह-शाम सड़कों पर सैर करते हैं। ये लोग रोज गार्डन, बस स्टैंड रोड, रोहतक रोड, लोहारू रोड पर घूमते हैं। बेंच रखने के बाद इन्हें काफी राहत मिलेगी। वहीं, अगर बेंच की संख्या कम रहती है तो फिर नगर परिषद के अधिकारी और बेंच लगाने की योजना तैयार करेंगे।
शहर में करीब 22 लाख से विक्टोरियन बेंच लगाई जाएंगी। इसकी निविदा प्रक्रिया सिरे चढ़ गई है। जल्द ही एजेंसी बेंच लगाने की कवायद शुरू कर देगी।
-सुंदर श्योराण, एक्सईएन, नगर परिषद