चरखी दादरी/बाढड़ा/ बौंदकलां/ झोझूकलां। जिले के आठ महाविद्यालयों में मंगलवार को ऑनलाइन दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया भी पूरी हो गई। इन आठ कॉलेजों में कुल 5822 आवेदन पहुंचे हैं और सभी संस्थानों में ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शत प्रतिशत पूरी हो चुकी है। अब आवेदकों को 5 जुलाई को जारी होने वाली पहली मेरिट सूची का इंतजार है।
जनता पीजी कॉलेज के दाखिला नोडल अधिकारी डॉ. नीरज गर्ग ने बताया कि संस्थान में बीए संकाय में 956, बीकॉम में 69, बीएसी एक्चुरियल साइंस में 25, बीएसी एनएम 181, बीएससी मेडिकल में 103, बीएससी कंप्यूटर साइंस में 48 आवेदन सत्यापित हो चुके हैं। इसके साथ ही संस्थान में आवेदन सत्यापन प्रतिशता सौ फीसदी रही।
वहीं, बौंदकलां राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य ऋषिपाल शर्मा ने बताया कि संस्थान में कुल 187 आवेदन आए हैं और सभी सत्यापित हो चुके हैं। छह आवेदकों को दस्तावेज त्रुटि ठीक करने के लिए कई बार फोन किए गए, लेकिन उन्होंने इस पर गौर नहीं किया। दादरी राजकीय पीजी कॉलेज के दाखिला अधिकारी प्रोफेसर रणधीर सिंह ने बताया कि संस्थान में कुल 680 आवेदन पहुंचे। अभी संस्थान ने सभी आवेदन ऑनलाइन सत्यापित कर दिए हैं।
इसके अलावा एपीजे पीजी कॉलेज में 492 आवेदन आए हैं। संस्थान अधीक्षक सज्जन गुप्ता ने बताया कि बीए में 401, बीकॉम में 24 और बीएससी नॉन मेडिकल में 67 आवेदक छात्राओं के दस्तावेज सत्यापित हो चुके हैं। इसी प्रकार झोझूकलां महिला महाविद्यालय में 495 आवेदन सत्यापित हो चुके हैं। क्लर्क दिनेश कुमार ने बताया कि बीए संकाय में आवेदन संख्या 340, बीकॉम में 43 और बीएससी नॉन मेडिकल में 112 रही है।
- बाढड़ा क्षेत्र के कॉलेज में ये रही आवेदन स्थिति
गांव कादमा स्थित राजकीय महाविद्यालय में 367 आवेदन आए हैं। इनमें से बीए में 350 और बीकॉम में 17 आवेदन आए हैं। प्राचार्य नितेश सैनी ने बताया कि संस्थान की ओर से अंतिम दिन के पहले की सत्यापन प्रक्रिया पूर की ली गई। मांढी कॉलेज के कार्यकारी दाखिला अधिकारी प्रवीन कुमार ने बताया कि संस्थान में कुल 475 आवेदन आए हैं। इनमें बीए में 455 और बीकॉम में 20 आवेदन सत्यापित हो चुके हैं। वहीं, बाढड़ा महिला महाविद्यालय से दाखिला कार्यकारी अधिकारी ललित कुमार ने बताया कि संस्थान में 535 आवेदन सत्यापित हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि संस्थान में बीए में 433, बीकॉम में 18 और बीएससी नॉन मेडिकल में 84 आवेदन आए हैं।
- आगे यह रहेगी दाखिला प्रक्रिया
बता दें कि पहली मेरिट सूची पांच जुलाई को जारी होगी। इस सूची के आवेदक 9 जुलाई तक संबंधित संस्थान में दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया पूरी कर व फीस जमा करा सकते हैं। इसके बाद 11 जुलाई को दूसरी मेरिट सूची जारी होगी और आवेदक 13 जुलाई तक दाखिला ले पाएंगे। 16 जुलाई को पहली और दूसरी सूची के वंचित आवेदकों का दाखिला किया जाएगा और 17 जुलाई को ओपन काउंसिलिंग की जाएगी।