चरखी दादरी/बाढड़ा। गांव भोपाली के समीप अज्ञात वाहन ने प्रवासी श्रमिक को टक्कर मार दी। हादसे में मध्यप्रदेश निवासी श्रमिक की मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार सुबह दादरी सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया और इस संबंध में आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। मृतक की पहचान मध्यप्रदेश के भिंड जिला निवासी हरि सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस को दिए बयान में मृतक की पत्नी सुनीता ने बताया कि वो अपने पति और लड़के के साथ पिछले करीब पांच सालों से भिवानी जिले के गांव ढाब ढाणी में रहते थे। उसका पति वहां पर चिनाई का काम करता था, लेकिन वहां पर काम न मिलने के चलते वह अपने ननदोई के पास गांव भोपाली में आ गए। वीरवार को काम की तलाश में उसका पति समीप के गांव में गया था, लेकिन देर रात तक वह वापस अपने घर नहीं लौटा।
परिजनों ने उसकी तलाश की तो हरि सिंह का शव भोपाली-डाडमा गांव के कच्चे रास्ते पर मिला। उसे तुरंत सिविल अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही बाढड़ा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। शुक्रवार सुबह पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी कर मृतक का पोस्टमार्टम कराया।