चरखी दादरी में नारेबाजी कर सरकार के खिलाफ रोष जताते दादरी सब्जी मंडी के आढ़ती।
चरखी दादरी। हरियाणा सब्जी मंडी एसोसिएशन ने एकमुश्त कर का विरोध किया है। इसके तहत सब्जी मंडी के आढ़तियों ने सोमवार को कार्यकारी प्रधान नितिन जांघू की अगुवाई में रोष जताया। इसके बाद मंडी प्रधान नंदलाल ठुकराल की अध्यक्षता में बैठक कर आठ फरवरी तक का समय देकर 10 फरवरी से मंडी बंद करने का निर्णय लिया।
प्रधान नितिन ने बताया कि हरियाणा सब्जी मंडी आढ़ती एसोसिएशन एकमुश्त कर का लगातार विरोध कर रही है। इसके लिए पहले भी हड़ताल की गई। सब्जी मंडी परिसर में सोमवार को एकजुट आढ़तियों ने एकमुश्त कर के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। नितिन ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सब्जी मंडी के आढ़ती सरकार की मौजूदा प्रणाली के खिलाफ हैं।
उन्होंने कहा कि आढ़ती माल बेचने पर टैक्स देते हैं। सरकार की ओर से पूरे साल का टैक्स एडवांस में लिया जा रहा है जो सरासर गलत है। जांघू ने कहा कि आढ़ती पूर्व में भी सांकेतिक हड़ताल कर अपनी मांग सरकार के समक्ष रख चुके हैं। इसके बावजूद सरकार की ओर से कोई सकारात्मक पहल न करने पर वे अब बेमियादी हड़ताल करने पर मजबूर होंगे।
जांघू ने कहा कि सरकार के पास आठ फरवरी तक का समय हैं। यदि इस दौरान एकमुश्त कर को वापस नहीं लिया गया तो 10 फरवरी से हरियाणा की सब्जी मंडियां बंद होंगी और बेमियादी हड़ताल की जाएगी। उन्होंने कहा कि मांग पूरी होने तक प्रदेश की सब्जी मंडियां बंद रहेंगी।
इस दौरान प्रधान नंदलाल ठुकराल, जयवीर रावलधी, सत्यदेव शर्मा, राजकुमार सैनी, दीपक शर्मा, सुनील गर्ग, मंजीत चरखी, गोपाल सैनी, विपिन कुकरेजा, अजय पूनिया आदि मौजूद रहे।