चरखी दादरी। जॉर्डन के अम्मान में आयोजित अंडर-15 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में निमली निवासी वंशिका अहलावत के मुक्कों का जादू चला। होनहार महिला मुक्केबाज ने प्रतिद्वंद्वी मुक्केबाजों पर पंचों का कहर बरपाते हुए स्वर्णिम सफलता हासिल की। खेलप्रेमियों ने इस उपलब्धि पर कोच और मुक्केबाज वंशिका को बधाई दी है।
वंशिका मेजबान चौक निकट स्थित रुपाणा बॉक्सिंग क्लब में तैयारी करती हैं। अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतकर वंशिका ने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। बॉक्सिंग क्लब संचालक रघुवीर नंबरदार व मुख्य कोच कैलाश गिल ने बताया कि होनहार वंशिका ने अंडर-15 आयुवर्ग के 70 किलोग्राम प्लस भारवर्ग में चुनाैती पेश की।
वंशिका ने अपनी बाउट एकतरफा जीतते हुए स्वर्ण पदक के साथ टूर्नामेंट का शानदार समापन किया। इस उपलब्धि पर एसडीएम मनीष फोगाट, प्रदीप फोगाट, कुलदीप साहू, रामअवतार गिल, अशोक अहलावत, वीरेंद्र ग्रेवाल, कोच अशोक, डंपी पहलवान, दलबीर दलाल, सुखदेव सिंह आदि ने वंशिका अहलावत को बधाई दी है।