चरखी दादरी। गांधी नगर रेलवे अंडरपास में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है। इसके चलते आरयूबी-20बी पर आवागमन बंद होने से मेन बाजार से गांधी नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आने-जाने वाले करीब 10 हजार लोगों को एक से तीन किलोमीटर अतिरिक्त सफर तय करना पड़ रहा है।
अंडरपास 16 अक्तूबर सुबह छह बजे तक बंद रहेगा। इस दौरान वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है। बीकानेर रेलवे मंडल के अधिकारियों के अनुसार अंडरपास में पानी भरने की समस्या से लोगों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी के मद्देनजर मरम्मत कार्य शुरू किया गया है ताकि जलभराव का स्थायी समाधान किया जा सके। रेलवे का प्रयास है कि निर्धारित समय में काम पूरा कर रास्ते को दोबारा आवागमन के लिए खोल दिया जाए। हालांकि, मरम्मत के दौरान लोगों को तीन दिन तक असुविधा झेलनी पड़ेगी।
समपार फाटक और ओवरब्रिज बने वैकल्पिक रास्ते
अंडरपास बंद होने से मेन बाजार से मंगलवार को गांधी नगर और आसपास के गांवों की ओर जाने वाले लोगों को दूसरे रास्तों से गुजरना पड़ा। वाहन चालक समपार फाटक संख्या 34 व 35 तथा रेलवे ओवरब्रिज का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके कारण यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। रोजाना कामकाज, खरीदारी और अन्य जरूरी कार्यों के लिए अंडरपास से आने वाले लोगों को परेशानी हो रही है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, मरम्मत कार्य दिन और रात दोनों समय किया जाएगा। इसके लिए निर्धारित अवधि में अंडरपास पर पूरी तरह आवागमन बंद रखा गया है। रेलवे की ओर से जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को भी इसकी जानकारी दी गई है ताकि यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग मिल सके।
जलभराव से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद
गांधी नगर अंडरपास में जलभराव की समस्या के कारण लोगों को आवागमन में बार-बार दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। रेलवे अब मरम्मत के माध्यम से इसका स्थायी समाधान करने का प्रयास कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि तीन दिन तक लोगों को परेशानी जरूर होगी लेकिन काम पूरा होने के बाद जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। रेलवे ने आमजन से अपील की है कि वे 16 अक्तूबर सुबह छह बजे तक अंडरपास की ओर जाने से बचें और समपार फाटक संख्या 34 व 35 अथवा रेलवे ओवरब्रिज से आवागमन करें।
कोट
जल्दी जाना था पर देर हो गई
जरूरी कार्य से मुझे बाजार जल्दी जाना था। घर से अंडरपास पहुंचा तो वहां रास्ता बंद मिला तो मैं बाजार जाने के लिए फाटक पर पहुंचा तो वह भी बंद मिला। इस कारण कारण मुझे फाटक खुलने का इंतजार करना पड़ा। इससे मुझे मेरे गंतव्य पर पहुंचने में देरी हो गई। जबकि मुझे जल्दी जाना था।-राजेश सोनी, गांधी नगर
रास्ता बंद होने की सूचना नहीं थी
अंडरपास का रास्ता बंद होने की सूचना नहीं थी। इस कारण मैं बाजार जाने के लिए अंडरपास पहुंच गया। वहां रास्ता बंद देखकर मुझे वापस घूम कर रेलवे फाटक से जाना पड़ा। हालांकि मुझे इस बात की खुशी थी अंडरपास में पानी भरने की समस्या के समाधान के लिए काम हो रहा है।-अनिल, गांधी नगर
पुल से होकर गुजरना पड़ा
मुझे पुरानी मंडी में खल बिनौला लेने आना था। गांव से चला तो सूचना मिली की अंडरपास बंद है। इस पर मैंने सोचा फाटक पर जाम लग सकता है। इसलिए पहले ही ओवरब्रिज से होकर आया हूं। इससे मुझे काफी घूमकर आना पड़ा।
योगेश कुमार, ढाणी फोगाट