फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: रोहतक रोड रेलवे फाटक पर निर्माणाधीन आरओबी बना परेशानियाें का सबब

Mon, 06 Jul 2026 01:33 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
शहर के रोहतक रोड पर मिट्टी डालने से बने गड्ढे। 
विज्ञापन
चरखी दादरी। शहर की यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए रोहतक रेलवे फाटक पर शुरू किया गया रेल ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य स्थानीय निवासियों और राहगीरों के लिए गले की फांस बन गया है। निर्माण कार्य की धीमी गति और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के चलते यहां से गुजरना किसी जोखिम भरे सफर से कम नहीं है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और निर्माण विभाग के खिलाफ भारी रोष बना हुआ है, उन्होंने जल्द से जल्द सड़क मार्ग को दुरुस्त करने की मांग की है।
विज्ञापन


रोहतक रोड रेलवे फाटक पर ट्रेन गुजरने के दौरान लगने वाले जाम से लोगों को राहत देने के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से 78 करोड़ की लागत से आरओबी का कार्य शुरू करवाया गया था। लेकिन आरओबी निर्माण के चलते मुख्य मार्ग की स्थिति अत्यंत दयनीय बनी हुई है। सड़क पर चारों ओर फैली मिट्टी और अनियोजित खुदाई ने इसे गड्ढों में तब्दील कर दिया है।

दलदल में तब्दील सड़क
स्थिति यह है कि हल्की सी बारिश होने के साथ ही यह मार्ग कीचड़ के दलदल में बदल जाता है जिससे पैदल चलना भी खतरे से खाली नहीं है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि एजेंसी की ओर से सड़क के बीच भरे गए गड्ढे महज खानापूर्ति मात्र हैं। इनमें आए दिनों वाहन धंसते रहते हैं। सबसे अधिक परेशानी का सामना दुपहिया वाहन चालकों और ई-रिक्शा संचालकों को करना पड़ रहा है। सड़क पर बिखरी फिसलन भरी मिट्टी के कारण आए दिन दोपहिया वाहन अनियंत्रित होकर गिर रहे हैं।
विज्ञापन

कभी धूल तो कभी कीचड़ का आलम
शहरवासियों का आरोप है कि आरओबी निर्माण कार्य शुरू करने से पहले वैकल्पिक मार्ग की समुचित व्यवस्था नहीं की गई। निर्माण स्थल के आसपास सुरक्षा बैरिकेड्स न होने और मार्ग पर डस्ट कंट्रोल के लिए पानी का छिड़काव न करने से न केवल दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है बल्कि उड़ती धूल से स्थानीय दुकानदारों और निवासियों का सांस लेना भी दूभर हो गया है।

समाधान के बजाय मिल रहा केवल आश्वासन
कई बार स्थानीय लोगों ने प्रशासन को अवगत कराया लेकिन हर बार उन्हें केवल जल्द काम पूरा होने का आश्वासन देकर टरका दिया जाता है। परेशान लोगों ने जिला उपायुक्त और संबंधित विभाग के अधिकारियों से जल्द ही इस मार्ग को चलने योग्य बनवाने की मांग की है ताकि समय रहते किसी बड़े हादसे से बचा जा सके। परेशान लोगों और वाहन चालकों ने सड़क पर फैले मलबे और मिट्टी को तुरंत हटवा समतल बनवाने, गड्ढों को स्थायी तौर पर भरवाने, निर्माण स्थल पर पर्याप्त चेतावनी बोर्ड और रोशनी की व्यवस्था कराने की मांग की है।


फिलहाल कुछ दिनों के लिए आरओबी का काम बंद किया गया है। कार्य के चलते पहले ही जिला प्रशासनिक अधिकारियों को यहां से वाहन गुजारना बंद करवाया गया है। जल्द ही सड़क पर फैली अतिरिक्त मिट्टी को हटवाने के आदेश जारी किए जाएंगे ताकि पैदल चलने वाले राहगीरों को सफर सुगम हो सके।
विज्ञापन


- गुरचरणसिंह, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें