संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। इंडियन रग्बी फुटबाल यूनियन की ओर से 15 व 16 फरवरी को ग्वालियर के लक्ष्मी बाई इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन में लड़कों की राष्ट्रीय सब जूनियर रग्बी सेवन प्रतियोगिता आयोजित करवाई जाएगी। इसमें भाग लेने वाली हरियाणा की टीम घोषित कर दी गई है। आईआरएफयू ने 4 फरवरी को हिसार में लिए ट्रायल के आधार पर टीम घोषित की। दादरी के मितेश को उप कप्तान बनाया गया है।
हरियाणा राज्य रग्बी फुटबाल संघ के सचिव नरेंद्र मोर ने बताया कि रग्बी इंडिया लेवल वन कोच राजेश तक्षक और अमन मलिक की देखरेख में 5 फरवरी से निर्मल स्पोर्ट्स अकादमी, घिराय हिसार में हिसार रग्बी संघ और अमरजीत बूरा घिराय के सहयोग से प्रशिक्षण शिविर चल रहा है। प्रशिक्षण शिविर के अंतिम दिन टीम की घोषणा की गई। इसमें पानीपत के आर्यन मलिक को बतौर कप्तान टीम की कमान सौंपी गई है। उनके साथ ही चरखी दादरी के मितेश शर्मा और हिसार के रचित को उपकप्तान बनाया गया है।
इनके अलावा, टीम में दादरी निवासी लक्की व यशेष समेत प्रवीन, देव सैनी पानीपत, तरुण जींद, गुरदीप, हिमांशु सहरावत और ध्रुव हिसार, अंकुश राणा पंचकूला को जगह दी गई है। सूर्य प्रताप सिंह सोढ़ी, दिनेश हिसार और वंश कुलवंत पानीपत को एक्स्ट्रा प्लेयर्स सब्स्टीट्यूट में रखा गया है। वहीं, राजेश तक्षक को टीम का कोच और अमन मलिक को टीम मैनेजर नियुक्त किया गया है।