चरखी दादरी। राजकीय पीजी कॉलेज को कॉलेज रोड स्थित जेडीकेडी स्कूल के भवन में शिफ्ट करने की योजना पर संशय के बादल मंडराने लगे हैं। दादरी एजुकेशन सोसाइटी की ओर से भवन देने में असमर्थता जताई है। इसके बाद कॉलेज की शिफ्टिंग को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। वहीं पुराने लघु सचिवालय भवन में कॉलेज को शिफ्ट करने की योजना भी सिरे चढ़ती नजर नहीं आ रही।
एसडीएम डॉ. विरेंद्र सिंह, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता गुरचरण सिंह और जिला शिक्षा अधिकारी धर्मेंद्र चौधरी ने जेडीकेडी स्कूल के भवन का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने भवन की स्थिति और कॉलेज संचालन के लिहाज से उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। हालांकि, निरीक्षण के बाद भी कॉलेज की शिफ्टिंग को लेकर तस्वीर साफ नहीं हो सकी है। वहीं टीम ने में इस बारे में कुछ भी बताने से इंकार कर दिया है।
रेनोवेशन का चल रहा काम
दादरी एजुकेशन सोसाइटी की ओर से भवन देने में असमर्थता जताने के पीछे कई कारण बताए हैं। सोसाइटी का कहना है कि स्कूल के भवन में पहले से ही विभिन्न पाठ्यक्रम संचालित हो रहे हैं। इसके अलावा भवन में नवीनीकरण का कार्य भी जारी है और यहां पर मेडिकल से संबंधित और कोर्सेज शुरू करने की योजना है। ऐसे में यहां राजकीय पीजी कॉलेज को शिफ्ट करने के लिए जगह उपलब्ध कराने में वे सक्षम नहीं है।
भवन नहीं देना चाहती सोसाइटी
सूत्रों के अनुसार दादरी एजुकेशन सोसाइटी के पदाधिकारी जेडीकेडी स्कूल का भवन देने के पक्ष में नहीं हैं। इसके पीछे आसपास संचालित शिक्षण संस्थानों को भी एक वजह माना जा रहा है। सोसाइटी का प्रमुख शिक्षण संस्थान जनता कॉलेज भी इसी क्षेत्र में संचालित है। ऐसे में यदि यहां राजकीय पीजी कॉलेज शिफ्ट होता है तो विद्यार्थियों के दाखिलों पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि सोसाइटी ने इस तरह का आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
गुप्त बैठक में पदाधिकारियों ने जताई असहमति
सूत्रों के हवाले से यह जानकारी भी सामने आई है कि दादरी एजुकेशन सोसाइटी के पदाधिकारियों की एक बैठक बुधवार को हुई थी, जिसमें सभी पदाधिकारियों व सदस्यों ने स्कूल के भवन को प्रशासन के हवाले करने पर असहमति जताई है। पदाधिकारियों का कहना है कि स्कूल की बिल्डिंग कॉलेज के योग्य नहीं है उन्होंने स्पष्ट तौर पर भवन सौंपने से इंकार नहीं किया।
पुराने लघु सचिवालय में भी नहीं बन पाई बात
राजकीय पीजी कॉलेज को पुराने लघु सचिवालय भवन में शिफ्ट करने की योजना भी बनाई गई थी उपायुक्त ने 10 दिन में कॉलेज को लघु सचिवालय की पुराने भवन में शिफ्ट करने के आदेश दिए थे लेकिन सूत्रों के अनुसार, वहां न्यायिक अधिकारियों की सहमति न होने व अन्य कारणों के चलते यहां कॉलेज शिफ्ट करने की योजना को टाल दिया गया है। इसके बाद प्रशासन जेडीकेडी स्कूल के भवन को संभावित विकल्प के रूप में देख रहा है। अब यहां भी भवन उपलब्ध होने को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
वर्सन:
राजकीय पीजी कॉलेज स्कूल में शिफ्ट होने की खबरें निराधार हैं। हमारे सभी शिक्षण संस्थानों में कक्षाएं चल रही हैं हमारा कोई भी ऐसा भवन नहीं है जहां कॉलेज को शिफ्ट किया जा सके। इस बारे में न किसी से बात हुई है और न किसी प्रकार की योजना के बारे में मुझे जानकारी है। दो दिन पहले एसडीएम ने निरीक्षण किया था। ये सब बातें हमने बता दी थी।- डॉ. विद्या गुप्ता, प्रधान, दादरी एजुकेशन सोसाइटी।
वर्सन:
कॉलेज के भवन का निरीक्षण किया गया है और इसमें तीन अधिकारी शामिल रहे। हम तीनों अधिकारियों ने अभी रिपोर्ट तैयार नहीं की है। जल्द ही रिपोर्ट तैयार कर उपायुक्त को सौंपी जाएगी। इसके बाद इस बारे में जानकारी सांझा की जाएगी। - डॉ. विरेंद्र सिंह, एसडीएम, दादरी।