चरखी दादरी। एटीएम बूथ पर रुपये निकलवाने पहुंचे वार्ड-4 निवासी एक व्यक्ति का दो युवकों ने चालाकी से एटीएम कार्ड बदल दिया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने व्यक्ति को एक लाख 35 हजार की चपत लगा दी। पीड़ित ने इसकी शिकायत सिटी थाने में दी है जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में मूल रूप से गांव छितरौली और फिलहाल वार्ड-4 निवासी धर्मेंद्र ने बताया कि शनिवार को वह एयू स्मोल बैंक के एटीएम से रुपये निकालने गया था। उसने वहां एटीएम से दो हजार रुपये निकलवाए और उसी दौरान दो युवक वहां आ गए। उन्होंने उससे कहा कि आपकी ट्रांजेक्शन पूरी नहीं हुई है और इसके लिए दोबारा से कार्ड एटीएम में डालना पड़ेगा।
धर्मेंद्र ने बताया कि उसके एटीएम मशीन में कार्ड डालते ही दूसरे युवक ने रुपये गिरने की बात कही और जब वो पीछे मुड़कर देखने लगा तो उसी दौरान उक्त युवकों ने उसका एटीएम कार्ड बदल दिया। धर्मेंद्र ने बताया कि कुछ देर बाद ही आरोपियों ने उसके एटीएम के जरिये एक लाख रुपये किसी दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिए। इतना ही नहीं इसके बाद आरोपियों ने 35 हजार रुपये कॉलेज रोड स्थित पीएनबी एटीएम से भी निकाले। इसका पता चलते ही धर्मेंद्र ने मामले की शिकायत सिटी थाने में दी। पुलिस ने इस संबंध में धारा 379 व 420 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।