चरखी दादरी। जिला पुलिस की अलग-अलग टीमों ने दो जगहों से दो लोगों को सट्टा लगवाते हुए काबू किया है। दोनों के पास से पुलिस को नकदी भी बरामद हुई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
स्पेशल स्टाफ इंचार्ज उप निरीक्षक सतीश कुमार बुधवार को टीम के साथ स्थानीय महेंद्रगढ़ चौक के समीप गश्त कर रहे थे। उसी दौरान टीम को सूचना मिली कि एक युवक महेंद्रगढ़ चुंगी के समीप सट्टा लगवा रहा है। जिस पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और वहां से एक युवक को सट्टा लगवाते हुए काबू किया। जिसकी पहचान गांव कोहलावास निवासी वजीर के रूप में हुई है। उसके पास से 1320 रुपये की नकदी व सट्टा पर्ची बरामद हुई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
वहीं सिटी पुलिस थाने में तैनात उप निरीक्षक भीम सिंह की टीम ने वीरवार को शहर की पुरानी गोशाला चौक के समीप से एक युवक को सट्टा लगवाते हुए काबू किया है। आरोपी वरुण दादरी के खटिकान मोहल्ला का रहने वाला है। उसके पास से पुलिस को 1050 रुपये की नकदी व सट्टा पर्ची बरामद हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।