चरखी दादरी। शहर के आसपास अवैध रूप से बसाई जा रही काॅलोनियों में जिला नगर योजनाकार विभाग का पीला पंजा लगातार चल रहा है। नगर योजनाकार की टीम ने वीरवार को पुलिस विभाग की सहायता से लोहारू रोड पर भैरवी के समीप दो अवैध निर्माण ढहाए।
जिला नगर योजनाकार नीलम शर्मा ने बताया कि लोहारू रोड पर भैरवी के नजदीक जेसीबी मशीन से दो अवैध निर्माण तोड़े गए हैं। जिला वन अधिकारी दिलीप सिंह ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर मौजूद रहे। सदर थाना के एसआई कुलदीप सिंह अपनी टीम के साथ कार्रवाई का हिस्सा रहे। पुलिस टीम होने के चलते तोड़फोड़ का ज्यादा विरोध नहीं हो पाया।
डीटीपी नीलम शर्मा ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रॉपर्टी डीलरों के बहकावे में आकर अवैध कॉलोनियों में प्लॉट न खरीदें और ना ही इनमें भवन बनवाएं। केवल सरकार से मंजूर हो चुकी कॉलोनियों में ही भूखंड या मकान बनाने पर निवेश करें। अवैध निर्माण से शहर का सुनियोजित विकास नहीं हो सकता और इधर-उधर बेतरतीब ढंग से मकान बन जाते हैं, जिनमें किसी प्रकार की जनसुविधा नहीं होती।