चरखी दादरी। दादरी पुलिस की टीम ने मादक पदार्थ तस्करों पर कड़ा प्रहार करते हुए 10.73 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तस्करों के पास से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक सफेद रंग की स्विफ्ट गाड़ी भी जब्त की गई है।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि वीरवार को एएसआई दिलबाग सिंह के नेतृत्व में अपराध शाखा पुलिस टीम समसपुर चौक के पास गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि झज्जर घाटी निवासी सौरभ उर्फ पाटू और धनिया (झज्जर) निवासी नसीब स्विफ्ट गाड़ी में 152-डी मार्ग से रोहतक से दादरी की तरफ हेरोइन (चिट्टा) लेकर आ रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 152-डी मार्ग पर समसपुर टोल प्लाजा के पास तुरंत नाकाबंदी शुरू की। कुछ समय बाद रोहतक की ओर से आ रही संदिग्ध स्विफ्ट गाड़ी को रोककर उसमें सवार दोनों युवकों चालक नसीब और सौरभ उर्फ पाटू को काबू किया गया।
राजपत्रित अधिकारी नायब तहसीलदार भीम सिंह की उपस्थिति में ली गई तलाशी के दौरान गाड़ी के डैशबोर्ड से एक पारदर्शी थैली में रखी 10.73 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। पुलिस ने बरामद हेरोइन को सील कर कब्जे में लिया। आरोपियों के खिलाफ थाना सदर दादरी में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ पूरी होने के बाद दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।