चरखी दादरी। जनवरी से पहले दादरी शहर में दो आकांक्षी शौचालय बनकर तैयार हो जाएंगे। दोनों शौचालयों आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे और इनमें बच्चों को बैठाकर दूध पिलाने के लिए भी कॉर्नर बनाया जाएगा। दोनों शौचालयों के निर्माण पर करीब 24 लाख रुपये लागत आनी है और फिर इनकी तर्ज पर तीन और आकांक्षी शौचालय बनाए जाने हैं।
फिलहाल एक शौचालय नगर परिषद कार्यालय परिसर में और दूसरा रोजगार्डन में बनाया जा रहा है। यहां महिलाओं के लिए ब्रेस्ट फीडिंग कॉर्नर, आधुनिक टॉयलेट सीट, दिव्यांगों के लिए रैंप की सुविधा मिलेगी। फिलहाल शहर में 14 सार्वजनिक शौचालय हैं, जिनकी संख्या बढ़ाने की मांग शहरवासी लंबे समय से कर रहे थे। स्वच्छता मिशन के तहत शहर में सार्वजनिक शौचालयों की संख्या बढ़ाने के लिए प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा गया था। लगभग 5 माह पूर्व इसे स्वीकृति और बजट भी मिल गया, जिसके बाद निविदा प्रक्रिया पूरी की गई।
दरअसल, नगर परिषद अधिकारियों ने कुल 5 आकांक्षी शौचालय बनाने की योजना बनाई है, जिसे दो चरणों में पूरा किया जाना है। पहले चरण में दो और दूसरे चरण में तीन शौचालयों का निर्माण किया जाएगा। वर्तमान में पहले चरण के तहत दो शौचालयों का निर्माण कार्य धरातल पर शुरू हो चुका है और संबंधित एजेंसी इन्हें आगामी चार माह के भीतर पूरा कर लेगी।
- जानिये...शहर में कहां-कहां बनने हैं आकांक्षी शौचालय
स्वच्छ भारत मिशन जिला प्रभारी ज्योति शर्मा ने बताया कि मॉडर्न यानी आकांक्षी शौचालय का निर्माण रोजगार्डन, एमसी कार्यालय, कोर्ट कॉम्प्लेक्स, परसराम हेतराम स्कूल के पास और तिकोना पार्क क्षेत्र में कराया जाना है।
- यहां पहले से बने हैं सार्वजनिक शौचालय
कॉलेज मोड़, रेलवे मोड़, अनाज मंडी के पिछली तरफ, पुरानी सब्जी मंडी के पास, एमसीएच के पास, कोर्ट के सामने, तिकोना पार्क पर, वाल्मीकि बस्ती व रेलवे रोड क्षेत्र में पहले से सार्वजनिक शौचालय बने हुए हैं। अभी भी कुछ जगहों पर सार्वजनिक शौचालयों की कमी बरकरार है।
नगर परिषद कार्यालय और रोजगार्डन परिसर में आकांक्षी शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है। जनवरी से पहले एजेंसी निर्माण कार्य पूरा कर देगी। इसी तर्ज पर तीन और आकांक्षी शौचालय शहर में बनाए जाने हैं।
-बक्शीराम सैनी, चेयरमैन, नगर परिषद