पुलिस गिरफ्त में हत्या की फिराक में घूमने वाले दोनों आरोपी।
- फोटो : CharkhiDadri
जमीन विवाद में एक व्यक्ति की हत्या करने की फिराक में घूम रहे दो लोगों को स्पेशल स्टाफ टीम ने गुप्त सूचना पर काबू कर लिया। आरोपी बौंदकलां के रहने वाले हैं और वो गांव निवासी व्यक्ति की हत्या करना चाहते थे। उनके पास से पुलिस ने एक पिस्टल तीन कारतूस व एक तलवार बरामद की है। आरोपियों को शनिवार सुबह कोर्ट में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया। आरोपियों के पास से स्विफ्ट डिजायर कार भी बरामद की है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस प्रवक्ता संदीप पिलानिया ने बताया कि शुक्रवार शाम स्पेशल स्टाफ इंचार्ज एएसआई मक्खन सिंह को गुप्त सूचना मिली कि बौंदकलां निवासी देवेंद्र उर्फ बिंदु और विकास बौंदकलां निवासी विनोद अग्रवाल की हत्या करने की फिराक में घूम रहे हैं। उक्त दोनों देवेंद्र की कार में सवार हैं और उनके पास पिस्टल व तलवार भी है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि बिंदु का जमीन विवाद विनोद अग्रवाल के साथ चल रहा है।
सूचना पर मिलते ही स्पेशल स्टाफ प्रभारी मक्खन सिंह पुलिस सहित बौंदकलां पहुंचे। पुलिस टीम ने सामने से आ रही एक कार को रुकवाया तो उसमें सवार दो लोगों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें कुछ दूरी पर ही काबू कर लिया और उन दोनों की तलाशी ली गई। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि कार चालक देवेंद्र की तलाशी लेने पर उसके पास से एक लोड पिस्टल बरामद हुई। जब इसे खोलकर चेक किया तो इसमें से तीन कारतूूस बरामद हुए। वहीं, दूसरे आरोपी विकास की तलाशी लेने पर उससे तलवार बरामद हुई। इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों को हथियरों सहित गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ बौंदकलां थाने में सशरूत्र अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया। आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर पता लगाने का प्रयास करेगी कि पिस्टल उन्होंने कहां से और कितने रुपये में खरीदा।
तीन माह से चार एकड़ जमीन को लेकर चल रहा है केस
स्पेशल स्टाफ प्रभारी एएसआई मक्खन सिंह ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका विनोद अग्रवाल से चार एकड़ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। पिछले तीन माह से यह मामला कोर्ट में विचाराधीन है। एएसआई मक्खन सिंह के मुताबिक यह जमीन कलकत्ता में रह रहे किशनलाल अग्रवाल की है जबकि कब्जा आरोपियों का है। इस जमीन को हथियाने के लिए वो विनोद अग्रवाल का मर्डर करना चाहते थे क्योंकि विनोद किशनलाल का दोस्त है।
आरोपियों से एक पिस्टल, तीन कारतूस, एक तलवार और कार बरामद हुई है। उन्हें कोर्ट में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया है। आरोपियों ने बताया कि वो विनोद अग्रवाल का मर्डर करना चाहते थे लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
मक्खन सिंह, स्पेशल स्टाफ प्रभारी