चरखी दादरी। क्रेडिट कार्ड पर बीमा पॉलिसी के नाम पर लाखों रुपये की ठगी के मामले में साइबर थाना पुलिस ने आरोपी दिल्ली निवासी आर्यन, हाल अंकुर विहार, गाजियाबाद और जोनी निवासी सुल्तानपुरी नई दिल्ली को गिरफ्तार किया है। गांव बिजना निवासी व्यक्ति से 2,95,884 रुपये की धोखाधड़ी की गई थी।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि गांव बिजणा निवासी अमित कुमार ने 30 सितंबर को साइबर थाना दादरी में शिकायत दर्ज कराई थी। 28 सितंबर को उन्हें एक्सिस बैंक की महिला कर्मचारी बनकर कॉल की गई। कॉल करने वाली ने सुपर मनी रुपे प्लेटिनम क्रेडिट कार्ड पर बीमा पॉलिसी जारी होने और इसके लिए 17,500 रुपये कटने की बात कही।
पॉलिसी रद्द कराने की प्रक्रिया के बहाने ठगों ने क्रेडिट कार्ड से दो संदिग्ध ट्रांजेक्शन करवा लीं। इनके जरिए 2,33,855 रुपये ब्लिंकइट और 62,029.60 रुपये नोब्रोकर टेक्नोलॉजीज के माध्यम से निकाल लिए गए। शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल सुमित कुमार ने दोनों आरोपियों को नई दिल्ली से गिरफ्तार किया। वीरवार को आरोपियों को अदालत में पेश किया जहां से उन्हें दो दिन के रिमांड पर भेजा गया है।