चरखी दादरी। दादरी सिटी थाना पुलिस टीम ने स्थानीय चंपापुरी कॉलोनी निवासी व्यक्ति को पुराना झज्जर रोड स्थित दुकान में से जबरदस्ती उठाकर ले जाने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस आगामी कार्रवाई कर रही है। पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि गत 12 अप्रैल को चंपापुरी कॉलोनी निवासी अभिषेक ने पुलिस को शिकायत दी जिसमें उसने बताया कि उसके पिता मुकेश की पुराना झज्जर रोड पर फर्नीचर की दुकान है।
उसकी बहन ने उसे फोन कर कहा कि पिता ने उसे फोन करके बताया कि दुकान पर दो युवक आए हुए हैं जो उसे अपने साथ ले जाने की जिद कर रहे हैं। यह बात सुनकर वह अपने चाचा अजय के साथ दुकान पर गया। जहां उसके पिता नहीं मिले।
उसने शिकायत में बताया कि उसके पिता को दो नामजद व अन्य युवक जबरदस्ती गाड़ी में लेकर गए हैं और उसके पिता का फोन भी बंद आ रहा है। जिस पर सिटी थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली थी। दादरी सिटी पुलिस थाने में तैनात एसआई भीम सिंह ने अभिषेक के पिता मुकेश को गत 22 अप्रैल को जनता पीजी कॉलेज के पास से बरामद किया।
वहीं अब वीरवार को आरोपी कर्मबीर उर्फ बॉक्सर व कपिल निवासी चंपापुरी कॉलोनी को गिरफ्तार किया। आरोपी कपिल से वारदात में प्रयोग गाड़ी व पीड़ित मुकेश का मोबाइल बरामद किया। संवाद