बाढड़ा। एसडीएम दलजीत ने मंगलवार को जुई रोड स्थित सर छोटूराम किसान भवन में किसान संगठनों के प्रतिनिधियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान किसानों ने ट्यूबवेल कनेक्शन न मिलने की पीड़ा एसडीएम के समक्ष रखी। किसानों ने कहा कि तीन साल पहले कनेक्शन के लिए पांच से छह लाख रुपये बिजली निगम में जमा करवा चुके हैं, लेकिन अब तक कनेक्शन जारी नहीं हुआ है।
हर बार अधिकारी कोरा आश्वासन देकर टरका देते हैं। एसडीएम ने किसानों को लंबित बिजली ट्यूबवेल कनेक्शन जल्द जारी करवाने का भरोसा भी दिया। बता दें कि बाढड़ा किसान भवन में भाकियू अध्यक्ष हरपाल सिंह भांडवा की अध्यक्षता में किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए खुले दरबार का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में पहुंचे एसडीएम दलजीत ने बिजली निगम के एसडीओ रामसिंह, कृषि विभाग व खरीद विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में कृषकों की समस्याएं सुनीं। एसडीएम ने किसानों से कहा कि लंबित ट्यूबवेल कनेक्शन जल्दी जारी होंगे। किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। इस अवसर पर ओमप्रकाश उमरवास, पूर्व सरपंच गिरधारी मोद, रणधीर सिंह हुई, सतबीर सिंह, सुरेंद्र सिंह, ईश्वर सिंह व वेद सरपंच आदि मौजूद रहे।