चरखी दादरी। खेल विभाग की ओर से खेल नर्सरियों में चयन के लिए 22 मार्च को ट्रायल होगा। इसके बाद एक अप्रैल से नर्सरियां शुरू की जाएंगी। जिला खेल अधिकारी संधुबाला ने बताया कि खेल नर्सरी में खिलाड़ियों का चयन ट्रायल के आधार पर होगा। चयन के लिए ट्रायल दोनों वर्गों में लिया जाएगा। संधुबाला ने बताया कि बाॅक्सिंग ट्रायल राजीव गांधी खेल परिसर अचीना, मिन्नी खेल स्टेडियम सांवड़ व राजकीय स्कूल डोहकी में होगी।
कबड्डी के ट्रायल खेल मैदान आदमपुर डाडी व राजकीय स्कूल चरखी दादरी में होंगे। इसी प्रकार कुश्ती की ट्रायल हनुमान अखाड़ा फतेहगढ़, पंचायत स्टेडियम सांकरोड में होंगे। एथलेटिक्स के ट्रायल दादरी बलिदान स्टेडियम, राजीव गांधी खेल परिसर झोझूकलां और राजीव गांधी खेल परिसर चांदवास में होंगे।
वाॅलीबाल के ट्रायल राजकीय स्कूल बलकरा, राजीव गांधी खेल परिसर मकड़ाना व राजकीय स्कूल लाड में होंगे। फुटबाल के ट्रायल राजकीय स्कूल चरखी व महिला महाविद्यालय झोझूकलां में होंगे। खो-खो के ट्रायल बलिदान स्टेडियम चरखी दादरी व क्रिकेट के ट्रायल राजीव गांधी खेल परिसर छपार में होंगे।
हाॅकी के ट्रायल राजीव गांधी खेल परिसर अचीना व राजकीय स्कूल बौंदकलां में होंगे। इसी प्रकार हैंडबाल ट्रायल नीरज चौधरी युवा खेल स्टेडियम कालूवाला, कैनाइंग खेल के ट्रायल खेल मैदान रुदड़ोल, लाॅन-टेनिस खेल के ट्रायल आर्य हिंदू महाविद्यालय चरखी दादरी में लिए जाएंगे।