संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। रेलवे रोड स्थित पावर हाउस में नारनौल से मंगवाया गया 16/20 एमवीए का 132/11 किलोवाट का ट्रांसफार्मर मंगलवार सुबह 5 बजे पहुंच गया। इसके बाद 5 टीमों के 50 सदस्यों ने प्लेटफार्म पर रखने से लेकर इसे शुरू करने की प्रक्रिया शुरू की।
अब इसे शुरू करने के लिए फिर से वही प्रक्रिया की जाएगी जो हांसी से लाए गए ट्रांसफार्मर के साथ की गई थी। इसमें इंसुलेटिंग तेल डालने से लेकर इसे 12 घंटे तक चालू रखा जाएगा। इसके बाद हिसार से आई मीटर एंड प्रोटेक्शन टीम बुधवार सुबह इसे जांच के बाद फिट-अनफिट घोषित करेगी। उसके बाद ही इसके आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।
टीम के सदस्यों का कहना है कि नारनौल से मंगवाया गया ट्रांसफार्मर चालू हालत में है, हांसी से जो ट्रांसफार्मर आया था उसमें अंदरूनी खराबी थी। इस कारण रिस्क न लेते हुए उसे चालू नहीं किया और कंपनी के निर्देश के अनुसार उसे वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
हिसार की टीम के चार-पांच घंटों तक निरीक्षण के बाद आम उपभोक्ता के लिए इससे बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। शहर के रेलवे रोड बिजली पावर हाउस में लगातार दो हब ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद बिजली निगम ने मंगलवार को नारनौल पावर हाउस से तीसरा ट्रांसफार्मर मंगवाकर निर्धारित स्थान पर रखवा दिया गया है।
बिजली निगम की 5 टीमों के 50 कर्मचारियों की पांच दिन की मेहनत के बाद चालू करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। निगम के अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल टीम के सदस्यों ने ट्रांसफार्मर में वायरिंग का काम शुरू कर दिया है। इसके दो घंटे बाद इसमें इंसुलेटिंग ऑयल डालने का काम पूरा हो जाएगा। लगातार 12 घंटे तक ऑयल के साथ बिना लोड चलाया जाएगा।