चरखी दादरी। प्रशासन ने लोकसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए कई समितियां गठित की गईं हैं। यह चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष संपन्न करवाने के लिए मंगलवार से प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत हो गई है। पहले दिन अतिरिक्त उपायुक्त डाॅ. जयेंद्र सिंह ने विधानसभा क्षेत्रों के मास्टर ट्रेनर को जिला चुनाव प्रबंधन योजना, संवेदनशील मतदान केंद्र, मतदान दल प्रबंधन और स्वीप की पोलिंग पार्टी प्रबंधन और स्वीप की जानकारी दी।
डाॅ. जयेंद्र ने कहा कि चुनाव के दौरान सभी अधिकारी अपने कर्तव्य का निर्वाह निष्ठापूर्वक करें एवं निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना सुनिश्चित रूप से हों। सभी अधिकारी अपनी टीम बनाकर कार्य करें। सूचनाओं का आदान-प्रदान तीव्रता से होना चाहिए। एक टीम के तौर पर काम करते हुए आयोग के निर्देशों के अनुसार जिला की चुनाव प्रबंधन योजना तैयार की जानी है। इसमें सभी संबंधित अधिकारियों का योगदान बेहद जरूरी है। पूरी जानकारी के साथ तैयार किया गया प्लान चुनाव प्रक्रिया के दौरान आने वाली परेशानियों को खत्म कर देता है।
उन्होंने कहा कि जिले में कई जगह पिछले चुनाव के दौरान कुछ घटना हुई हो या किसी ओर कारण से वहां परेशानी आने हो तो इन मतदान केंद्रों की सूचना तुरंत उपलब्ध करवाएं ताकि इनको संवेदनशील की श्रेणी में डालकर अतिरिक्त व्यवस्था की जा सके। ऐसे स्थानों का संबंधित अधिकारी स्वयं दौरा करें। उन्होंने कहा कि मतदान दल के लिए भी प्लान तैयार किया जाता है। इसके लिए भी संबंधित अधिकारी पूरी जानकारी एकत्र कर लें। मतदान केंद्रों की स्थापना को लेकर भी आयोग की हिदायतों का पालन किया जाए।
डाॅ. जयेंद्र ने कहा कि मतदान के दिन की जाने वाली तैयारियां सबसे महत्वपूर्ण होती हैं। ऐसे में इन तैयारियों से जुड़े अधिकारियों को ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है। ऐसे अधिकारी चुनाव आयोग की ओर से जारी किए जाने वाले सभी निर्देशों को स्वयं पढ़ें और उनका पालन सुनिश्चित करवाएं। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में मतदाता सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है और जितने अधिक मतदाता अपने वोट का प्रयोग करते हैं, लोकतंत्र उतना ही मजबूत होता है। प्रशासन की ओर से जल्द ही स्वीप के तहत मतदाताओं को जागरूक करने के लिए नई गतिविधियां शुरू की जाएंगी।
रजनीश का फाइल फोटो।