संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी/बाढड़ा।
संवाद न्यूज एजेंसी जिले में वीरवार को सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। दोनों हादसे इतने दर्दनाक थे कि दोनों व्यक्तियों के शव क्षत-विक्षत हो गए और करीब 50 फीट की दूरी में सड़क पर टुकड़े में बिखर गए। सड़क से पुलिसकर्मियों ने उनके मांस के टुकड़े एकत्र किए। कपड़ों और बाइक के आधार पर परिजनों ने दोनों की शिनाख्त की। सिविल अस्पताल में दोनों का पोस्टमार्टम करवाया गया। इस संबंध में एक आरोपी चालक के खिलाफ बाढड़ा थाने में तो दूसरे के खिलाफ दादरी शहर थाना में केस दर्ज किया गया।
वीरवार सुबह जिले में पहला हादसा माईकलां के समीप हुआ, जिसमें माईकलां निवासी संजय (39) की मौत हुई। कर्मबीर ने बाढड़ा थाना पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका भाई संजय सुबह घर से खेत में गया था। करीब आठ बजे वह खेत में काम निपटाकर पैदल ही घर वापस आ रहा था। उसी दौरान जब वो माईकलां-नौरंगाबास रोड पर माईकलां के समीप पहुंचा तो एक डंपर ने उसे टक्कर मार दी। डंपर के टायर संजय के ऊपर से गुजर गए और उसका शरीर कई टुकड़ों में बंट गया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस व परिजन मौके पर पहुंचे। वहीं, संजय का क्षत-विक्षत शव देखकर परिजन बिलख उठे। बाढड़ा थाना पुलिस ने सड़क से मांस के टुकड़े एकत्र किए और बाद में पोस्टमार्टम के लिए दादरी सिविल अस्पताल पहुंचाया। यहां पुलिस ने मृतक के भाई कर्मबीर के बयान दर्ज किए। आरोपी चालक मौके पर डंपर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर आरोपी चालक पर केस दर्ज कर लिया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक संजय अविवाहित था और वह खेती करता था।
धर्मेंद्र का एक पांव और हाथ ही बचा, नाभी से ऊपर का हिस्सा सड़क पर फैला
चरखी निवासी धर्मेंद्र (40) ने भैरवी के समीप चाय की दुकान की हुई है। वीरवार दोपहर करीब डेढ़ बजे वह अपने परिचित की बाइक लेकर लोहारू चौक की तरफ आ रहा था। बताया जा रहा है कि चौक से करीब 300 मीटर पहले धर्मेंद्र की बाइक पर बंधी रस्सी पिछले टायर में फंस गई और पहिया जाम होने से बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई। उसी दौरान धर्मेंद्र सड़क से गुजर रहे डंपर के नीचे आ गया। डंपर के टायरों उसके ऊपर से गुजर गए। इसमें धर्मेंद्र के शरीर का एक हाथ व पांव ही बच गए। करीब 50 फुट की दूरी में सड़क पर मांस के टुकड़े और खून फैल गया। शव का इतना बुरा हाल हुआ कि मौके पर मौजूद धर्मेंद्र के गांव के लोग ही उसे पहचान नहीं पाए। बाद में बाइक नंबर के आधार पर उसकी शिनाख्त हुई। जिला पार्षद एवं चरखी निवासी एडवोकेट रविंद्र सांगवान ने बताया कि मृतक धर्मेंद्र के तीन बच्चे हैं। तीनों ही बच्चे अविवाहित हैं। वहीं, आरोपी डंपर चालक घटनास्थल से करीब 100 कदम दूरी पर अपना डंपर छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसके डंपर को कब्जे में ले लिया।
लोहारू रोड पर हुए हादसे में दम तोड़ने वाले धर्मेंद्र का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल में करवाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ दूरी पर खड़े डंपर को जब्त कर लिया है। इस संबंध में मृतक के बेटे चतर सिंह की शिकायत पर आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। - रमेश कुमार, एसएचओ, सिटी थाना
माईकलां के समीप हादसा होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। मृतक संजय का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक के बड़े भाई के बयान पर पुलिस ने आरोपी चालक पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। - विशाल सिंह, एएसआई एवं जांच अधिकारी, बाढड़ा थाना
धर्मेंद्र को कुचलने वाला डंपर। संवाद