चरखी दादरी। गोगामेड़ी धाम जा रहे अलीगढ़ के श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को मंगलवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे खेड़ी बत्तर के पास एनएच-334बी पर तेज रफ्तार ट्राले ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में करीब 40 श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली करीब 180 डिग्री घूमकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और पुलिस ने घायलों को बाहर निकाला। सभी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से हाईवे पर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। वहीं हादसे के बाद ट्राला चालक वाहन छोड़कर भाग गया।
डीएसपी साहिल ढिल्लों ने बताया कि उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के गांव पीपल नंगला के श्रद्धालु सोमवार शाम करीब 6 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली से राजस्थान के गोगामेड़ी धाम के लिए रवाना हुए थे। रात में उन्होंने पलवल में विश्राम किया। मंगलवार अलसुबह यात्रा दोबारा शुरू की गई।ट्रैक्टर-ट्रॉली को ट्रिपल डेकर बनाया गया था। नीचे सामान रखा था जबकि ऊपर के दो हिस्सों में करीब 60 श्रद्धालु सवार थे।
खेड़ी बत्तर के पास पीछे से आए ट्राले ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और यातायात व्यवस्था संभाली। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक खेमकरण के बयान पर ट्राला चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
अस्पताल में मची अफरा-तफरी
हादसे में 40 लोग घायल हुए हैं ऐसे में एक-एक कर एंबुलेंस दादरी के सिविल अस्पताल में पहुंची जिसके कारण वहां अफरा-तफरी मच गई। घायलों के लिए संसाधन कम पड़ गए जिसके कारण घायलों को इमरजेंसी में वॉशबेसिन के साथ बने स्लैब पर लिटाया गया तो किसी को जमीन पर। किसी ने कुर्सी पर बैठकर इलाज करवाया तो किसी को गद्दा बिछाकर लेट गया। छोटे बच्चों के रोने की आवाज से अस्पताल गूंज उठा।
आधे घंटे मची चीख-पुकार
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर करीब 1 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जाम लगने के बाद राहगीरों ने पुलिस बुलाई तो वहीं नजदीक जाम में फंसी दो रोडवेज बसों से काफी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल में पहुंचाया। हादसे के बाद ट्रॉला चालक वाहन को मौके पर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक खेमकरण के बयान के आधार पर ट्रॉला चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।
ट्रॉला ले जाने पर गुस्साए श्रद्धालु
सड़क पर पलटे ट्रैक्टर को हटाने के बाद पुलिस ने ट्रॉले और ट्रैक्टर को पुलिस हिरासत में लिया। इस दौरान एक युवक ट्रॉले में बैठकर उसे लोहारू की तरफ ले जाने लगा। इस पर मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं ने इसका विरोध किया और ध्वजा के डंडे से उक्त चालक पर वार किए। बाद में मौके पर मौजूद डीएसपी व एसएचओ ने युवक को नीचे उतारा और हिरासत में लिया।
4 रेफर सहित 40 घायल
हादसे में गंभीर रूप से घायल 52 वर्षीय आशाराम, 50 वर्षीय लक्ष्मी, 40 वर्षीय राहुल और 10 वर्षीय चिराग को प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। इसके अलावा सुखबीर, रामबीर, अमित, तांशी, शौभित, मनोज, सीमा, शिवांगी, लवकुश, नीरज, चालक खेमकरण, जयसिंह, सागर, मुकुल, मोनम, सोनम, कोमल, नीतू, लतेश, बोबी, गौतम, खुशी कुमारी, शैलेश, खुशी, हिमांशी, करण, सोनम, तांशी, लज्जा, शांतिदास, रूबी, महादेवी, शीतल, सुमन, आशीष, कोमल, मोहन आदि घायल हुए हैं।
ओवरटेक के दौरान मारी टक्कर
ट्रैक्टर लोहारू की तरफ जा रहा था तो वहीं पीछे से आ रहा ट्रॉला भी उसी तरफ जा रहा था। ट्रॉला चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान ट्रॉले का बायां हिस्सा ट्रॉली को लगा। ट्रिपल डेकर ट्रॉली होने के कारण ऊंचाई काफी ज्यादा था जिसके बाद उसका संतुलन बिगड़ गया और ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और उसमें सवार श्रद्धालु सड़क पर जा गिरे।
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। डीएसपी साहिल ढिल्लों और सदर थाना प्रभारी एसआई सतबीर सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत कार्य की जानकारी ली।पुलिस की मौजूदगी में घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद चार श्रद्धालुओं की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों का नागरिक अस्पताल में उपचार किया गया।
हादसे के बाद एक किलोमीटर तक लगा जाम
हादसे के कारण एनएच-334बी पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य वाहनों को सड़क से हटवाया। इसके करीब 2 घंटे बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी।
सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आगामी कार्रवाई कर रही है। - साहिल ढिल्लों, डीएसपी।
सड़क पर पलटा हुए ट्रैक्टर।- फोटो : 1