खेड़ी बूरा निवासी आरोपी टोचन करके ले गया था क्रशर ठेकेदार का ट्रैक्टर, पुलिस ने लिया एक दिन के रिमांड पर
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। खेड़ी बूरा गांव के समीप स्थित होटल पर खड़ा ट्रैक्टर चोरी करने के आरोपी को सदर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान खेड़ी बूरा निवासी प्रियांशु उर्फ कालू के रूप में हुई है। पुलिस ने कोर्ट में पेश कर उसे एक दिन के रिमांड पर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि गन्नौर निवासी कृष्ण कुमार ने दादरी सदर थाना पुलिस को ट्रैक्टर चोरी की शिकायत दी थी। उसने बताया था कि कलियाणा जोन में उसने स्टोन क्रशर लगाया हुआ है। वहां के लिए एक ट्रैक्टर खरीदा हुआ है। बारिश की वजह से काम न होने पर सर्विस करवाकर ट्रैक्टर खेड़ी बूरा स्थित सरंपच होटल पर खड़ा किया हुआ था।
9 अगस्त को होटल के कर्मचारियों ने बताया कि ट्रैक्टर को एक लड़का टोचन करके ले गया है। इस शिकायत के आधार पर थाना सदर दादरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
अब इस मामले में हेड कांस्टेबल सुरेंद्र की टीम ने आरोपी प्रियांशु उर्फ कालू को काबू कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने टोचन करके ट्रैक्टर ले जाने की बात कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए एक दिन के रिमांड पर लिया है।