चरखी दादरी। मतदान जागरुकता के लिए जिला प्रशासन की ओर से 24 मई की शाम को शहर के मुख्यमार्गों से मशाल रैली निकाली जाएगी। रोज गार्डन से शुरू होने वाली रैली में कोई भी नागरिक भाग ले सकता है। लोग अपने मोबाइल की लाइट को सांकेतिक तौर पर मशाल की तरह प्रयोग कर सकते हैं।
स्वीप के नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त डाॅ. जयेंद्र सिंह ने बताया कि जिले में पिछले कई दिनों से लगातार मतदाता जागरुकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। स्वीप टीमों की मेहनत का ही नतीजा है कि जिले में मतदाताओं की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है। लोग स्वयं मतदान करने की शपथ ले रहे हैं।
इस अभियान को सफलता के अंजाम तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से एक विशेष कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। जिला प्रशासन लोगों के साथ मिलकर 24 मई शाम 7 बजे यानी मतदान से एक दिन पहले शहर से मशाल रैली निकालने जा रहा है।
जिला का प्रत्येक मतदाता जरूर डाले वोट : मनदीप कौर
चरखी दादरी। कोई भी मतदाता उम्मीदवार पसंद नहीं होने के कारण वोट डालना न छोड़े। ऐसे मतदाताओं के लिए ही निर्वाचन आयोग की ओर से नोटा के बटन का प्रावधान किया गया है। उम्मीदवार पसंद नहीं होने की स्थिति में नोटा पर वोट डाला जा सकता है। इस प्रकार सभी मतदाता मिलकर वोट प्रतिशत को बढ़ा सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मनदीप कौर ने कहा कि सभी मतदाता 25 मई को लोकतंत्र के महापर्व में अपना वोट डालने जरूर जाएं। यदि कोई मतदाता चुनाव में उतरे उम्मीदवारों में से किसी को भी पसंद नहीं करता है, तो नोटा के बटन को दबाकर अपना वोट डाल दें। ऐसा करने से मतदाता का वोट भी डल जाएगा और वह वोट किसी भी उम्मीदवार की गिनती में भी शामिल नहीं किया जाएगा। नोटा बटन देने का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं के वोट को सुनिश्चित करना है।