चरखी दादरी। जिले के कॉलेजों में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए शुक्रवार को ऑनलाइन आवेदन करने का अंतिम अवसर है। उच्चतर शिक्षा विभाग हरियाणा की ओर से पीजी प्रथम वर्ष के केंद्रीकृत ऑनलाइन दाखिलों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 21 अगस्त कर दी गई थी।
ऐसे में जो विद्यार्थी अभी तक आवेदन नहीं कर पाए हैं वे शुक्रवार तक ऑनलाइन प्रवेश पोर्टल पर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। विद्यार्थियों के लिए राहत की बात यह भी है कि चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों की मांग को देखते हुए री-अपीयर वाले विद्यार्थियों को भी पीजी पाठ्यक्रमों में दाखिला देने का निर्णय लिया है।
हालांकि ऐसे विद्यार्थियों को अपने पहले सेमेस्टर के दौरान री-अपीयर का विषय उत्तीर्ण करना अनिवार्य होगा। इस निर्णय से उन विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी जिनकी स्नातक स्तर पर किसी विषय में री-अपीयर है और वे परिणाम या परीक्षा की वजह से पीजी में दाखिले को लेकर असमंजस में थे।
पांच कॉलेजों में स्नातकोत्तर कोर्स
जिले के पांच कॉलेजों में विभिन्न पीजी पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। ऐसे में जिले के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों के पास उच्च शिक्षा जारी रखने का अवसर है। दाखिले के लिए विद्यार्थी अपनी पसंद के कॉलेज और उपलब्ध पाठ्यक्रम के अनुसार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
ये रहेगा शेड्यूल
उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से जारी संशोधित दाखिला कार्यक्रम के अनुसार ऑनलाइन प्रवेश पोर्टल पर आवेदकों का पंजीकरण 17 जुलाई से 21 अगस्त तक किया जा सकता है। इसके बाद 18 से 22 अगस्त तक आवेदक ओटीपी के माध्यम से अपने आवेदन पत्र में संशोधन कर सकेंगे। कॉलेजों की ओर से ऑनलाइन दस्तावेजों का सत्यापन तथा विद्यार्थियों द्वारा दर्ज कराई गई आपत्तियों या त्रुटियों को दूर करने की प्रक्रिया 18 से 23 अगस्त तक चलेगी।
23 अगस्त को जारी होगी पहली मेरिट सूची
दाखिला कार्यक्रम के अनुसार पीजी प्रथम वर्ष में पहले चरण की काउंसिलिंग के तहत 23 अगस्त को पहली अस्थायी मेरिट सूची जारी की जाएगी। इसके बाद 24 अगस्त को पहली अंतिम मेरिट सूची जारी होगी। पहली काउंसिलिंग के तहत चयनित विद्यार्थियों को 25 से 27 अगस्त तक फीस जमा कराने का अवसर दिया जाएगा।
28 से शुरू होगी फिजिकल काउंसिलिंग
पहले चरण के बाद खाली बचने वाली सीटों के लिए 28 अगस्त को फिजिकल काउंसिलिंग आयोजित की जाएगी। इसके बाद 29 अगस्त को ऑनलाइन प्रवेश पोर्टल को दोबारा खोलकर विद्यार्थियों को पंजीकरण और आवेदन पत्र में संशोधन का अवसर दिया जाएगा। खाली सीटों पर फिजिकल काउंसिलिंग का अगला दौर 30 अगस्त से पांच सितंबर तक चलेगा। इस दौरान दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों को 100 रुपये विलंब शुल्क देना होगा।
वर्सन:
कॉलेजों में यूजी व पीजी के दाखिले चल रहे है। उच्चतर शिक्षा विभाग से मिले शेड्यूल के अनुसार शुक्रवार शाम तक ऑनलाइन आवेदन होगे। जो विद्यार्थी वंचित है वो जल्द से जल्द आवेदन करें।जेएस मोर, उच्चतर शिक्षा विभाग अधिकारी, दादरी।