फ्लैग मार्च निकालते हुए पुलिसकर्मी।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। आगामी त्योहारों के दौरान जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अलर्ट हो गई है। सोमवार को पुलिस की ओर से शहर के संवेदनशील और प्रमुख बाजारों में पैदल फ्लैग मार्च निकाला गया।
इसका उद्देश्य आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के साथ असामाजिक और शरारती तत्वों को कानून व्यवस्था बिगाड़ने पर सख्त कार्रवाई का संदेश देना रहा।
निरीक्षक कुलदीप के नेतृत्व में निकाले गए फ्लैग मार्च में पुलिस लाइन के प्रबंधक अधिकारी एसआई रामपाल, एएसआई राहुल फोगाट और दादरी पुलिस की विशेष रूप से गठित पुलिस कंपनी के जवान शामिल रहे। सभी पुलिसकर्मी पूर्ण वर्दी में मुस्तैद नजर आए। फ्लैग मार्च की शुरुआत रोहतक चौक से हुई।
इसके बाद पुलिस बल अंबेडकर चौक, लाला लाजपत राय चौक, पुरानी अनाज मंडी और रेलवे रोड से होते हुए रोहतक फाटक पहुंचा। यहां से मार्च पुलिस लाइन पहुंचकर संपन्न हुआ।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों, व्यापारियों और राहगीरों से संवाद भी किया। पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार पी. ने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों में खरीदारी के लिए भीड़ बढ़ जाती है। पुलिस की ओर से भीड़ का फायदा उठाकर जेबकतरी, छेड़छाड़, चेन स्नेचिंग और शांति भंग करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी।