चरखी दादरी। लघु सचिवालय के समीप से दिनदहाड़े तीन बाइक चुराने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरीशुदा बाइकों को भी बरामद कर लिया है। आरोपी धर्मेंद्र उर्फ धर्मा गांव खेड़ी बत्तर का रहने वाला है।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि गत बुधवार को झज्जर जिले के गांव खोरड़ा निवासी कृष्ण कुमार ने सिटी पुलिस थाने में दी शिकायत में बताया था कि वह निजी कार्य के चलते सुबह नौ बजे बाइक लेकर दादरी न्यायिक परिसर में आया था। उसने बाइक को परिसर के पीछे गेट के पास खड़ा किया था। जब उसने बाहर आकर देखा तो वहां से उसकी बाइक गायब थी। उसी दौरान गांव चिड़िया निवासी राहुल ने भी उसे बताया कि उसने भी अपनी बाइक वहीं खड़ी की थी लेकिन नहीं मिली। थोड़ी देर बाद नवरत्न निवासी बलकरा ने भी बताया की उसकी बाइक भी यहां से गुम हो गई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। वीरवार को पुलिस टीम ने गांव खेड़ी बत्तर निवासी धर्मेंद्र उर्फ धर्मा को गिरफ्तार किया। आरोपी से चोरीशुदा बाइकें पंचनद चौक के समीप से और भगवान वाल्मीकि नगर से बरामद की गईं। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।