चरखी दादरी का जिला न्यायालय परिसर।
चरखी दादरी। जिला न्यायालय में फरवरी माह में ही तीन नई अदालतों का शुभारंभ किया जाएगा। इनकी रूपरेखा लगभग तैयार की जा चुकी है। यह जानकारी जिला बार एसोसिएशन प्रधान अधिवक्ता नसीब राणा ने दी।
उन्होंने बताया कि जिला बार अधिवक्ता लंबे समय से नई अदालत के निर्माण करवाने की मांग कर रहे थे। जिले में कम न्यायिक अधिकारी होने की वजह से अधिवक्ताओं को अपने मामलों में लंबी तारीखें मिल रही थी। इससे अधिवक्ता व मुवक्किलों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। नसीब राणा ने बताया कि अब हाईकोर्ट के आदेशानुसार जिले में जल्द ही तीन नई अदालत शुरू हो जाएंगी।
इससे अधिवक्ता व आम लोगों को अपने मुकदमों में हो रही परेशानी से छुटकारा मिलेगा। नई अदालत शुरू होने से मामलों का निपटारा जल्द हो सकेगा। जिले में नए न्यायिक ज्यूडिशियल अधिकारी की नियुक्ति व नई अदालत शुरू करवाने पर बार एसोसिएशन ने उच्च न्यायालय का आभार जताया।
जिला लोक संपर्क व कष्ट निवारण समिति की बैठक 16 को
चरखी दादरी। प्रदेश के श्रम मंत्री अनूप धानक की अध्यक्षता में स्थानीय लघु सचिवालय के सभागर में 16 फरवरी को दोपहर 3 बजे जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में मंत्री 16 परिवादों के अलावा अन्य शिकायतों की भी सुनवाई करेंगे और उनके समाधान के लिए मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देंगे। नगराधीश आशीष ने बताया कि जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति बैठक में रखे जाने वाले परिवादों में 10 नए और 6 लंबित परिवाद हैं।