चरखी दादरी। घर में मांगलिक कार्यक्रम के बाद मौड़ी निवासी एक महिला की बुधवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटकने से मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने दहेज प्रताड़ना के आरोप लगाते हुए पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है। मृतका तीन माह की गर्भवती थी और उसकी शादी सात माह पहले ही हुई थी। पुलिस ने इस संबंध में पति समेत सास व ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। वीरवार दोपहर मृतका का पोस्टमार्टम चिकित्सकों के बोर्ड से करवाया गया।
पुलिस को दिए बयान में कितलाना निवासी रामफल ने बताया कि उसने अपनी बेटी पूनम (20) की शादी गत 25 नवंबर को मौड़ी निवासी अंकेश से की थी। बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे उन्हें सूचना मिली कि उसकी बेटी पूनम ने फंदा लगा लिया है। इसके सूचना मिलते ही वो तुरंत बेटी के ससुराल मौड़ी पहुंचे। वे वहां पहुंचे तो शव तख्त पर रखा था और फंदे पर एक रस्सी लटकी हुई थी। रामफल ने बताया कि उन्हें संदेह है कि उसकी बेटी की हत्या कर शव फंदे पर लटकाया गया है। अगर उसकी बेटी ने आत्महत्या की है, तो फिर इसका कारण दहेज प्रताड़ना है। मृतका के पिता के अनुसार पहले भी ससुराल पक्ष के लोगों के दहेज के लिए प्रताड़ित करने की बात उनके सामने आई थी और इस पर उन्होंने अपनी बेटी पूनम को समझा-बुझाकर घर बसाने की बात कही थी।
रामफल के अनुसार उसकी बेटी तीन माह की गर्भवती थी। वहीं, सिविल अस्पताल पहुंचे मृतका के ससुराल पक्ष के लोगों ने बताया कि पूनम ने करीब साढ़े सात बजे फंदा लगाया था और उस दौरान घर पर उसकी सास अकेली थी। पुलिस ने वीरवार दोपहर बाद पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
पूनम ने ही किया था ट्यूबवेल का उद्घाटन
बुधवार शाम पूनम की ससुराल में ट्यूबवेल का पूजन था और शाम छह बजकर पचास मिनट पर पूजन खत्म हुआ था और उसके बाद उसका पति अंकेश पंड़ित को छोड़ने गया हुआ था। सिविल अस्पताल में मौजूद लोगों ने बताया कि ट्यूबवेल का पूजन पूनम के हाथों ही करवाया गया था।
मृतका पूनम के पिता के बयान पर पुलिस ने पति अंकेश समेत सास व ससुर के खिलाफ 304-बी और 498 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जो तथ्य सामने आएंगे उसी अनुरूप कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
विकास कुमार, एएसआई एवं जांच अधिकारी, आदमपुर डाढ़ी पुलिस चौकी