चरखी दादरी/बाढड़ा। हड़ौदी निवासी एक बाइक सवार से तीन युवकों ने शुक्रवार रात डालावास नहर के समीप से अपहरण कर किया। इसके बाद बदमाशों ने बाइक सवार से मारपीट की और नकदी व मोबाइल छीन लिया। इतना ही नहीं उन्होंने युवक से दस हजार रुपये की जबरन ट्रांजेक्शन भी करवाई। बदमाशों ने बाइक सवार को पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। बाढड़ा थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में हड़ौदी निवासी देवेंद्र ने बताया कि शुक्रवार को अपराह्न 4 बजे वो किसी काम से अपनी बाइक पर सवार होकर बाढड़ा गया था। वहां से वापसी में समय लग गया। रात करीब आठ बजे वो बाढड़ा से हड़ौदी वापस आने के लिए चला। जब वह डालावास नहर पर पहुंचा तो वहां खड़े तीन युवकों ने उसे बाइक रोकने का इशारा किया।
शिकायतकर्ता के अनुसार बाइक रोकते ही तीनों युवकों ने उससे मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद वे उसे बाइक पर बैठाकर कच्चे रास्ते पर खेत में बने एक कमरे में ले गए। वहां उक्त युवकों ने उसे बैठा लिया और फिर से मारपीट की। इसके बाद उन्होंने उसकी जेब से 6300 रुपये निकाल लिए। उसके बाद उस पर ऑनलाइन कैश देने का दबाव बनाया। देवेंद्र ने बताया कि पिटाई के डर से उसने अपने साथी प्रदीप से 10 हजार रुपये फोन-पे के जरिये मंगवा लिए। इसके बाद उक्त युवकों ने अपने मोबाइल से क्यूआर कोड स्कैन कर देवेंद्र के खाते से दस हजार की ट्रांजेक्शन कर ली। इसके बाद भी उक्त युवकों ने उसे पीटा और पुलिस के पास जाने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी। आरोप है कि उक्त युवकों ने उसका फोन छीन लिया और बाइक लेकर वहां से जाने दिया। इसके तुरंत बाद पीड़ित थाने पहुंचा और वहां पुलिस को शिकायत दी। जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
देवेंद्र की शिकायत पर तीन युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-जगजीत सिंह, एएसआई एवं जांच अधिकारी, बाढड़ा थाना