चरखी दादरी। कोरोना के बाद अब ब्लैक फंगस के मामले भी जिले में बढ़ते जा रहे हैं। बुधवार स्वास्थ्य विभाग ने ब्लैक फंगस के तीन मरीज मिलने की पुष्टि की है। इन तीनों को भी पहले दो मरीजों की तरह उपचार के लिए रोहतक पीजीआई भेजा गया है। इसके अलावा दो कोरोना संक्रमितों की मौत हुई तो वहीं, 45 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही 52 संक्रमितों ने कोरोना को मात दी है।
बुधवार को ब्लैक फंगस के जिले में तीन और मरीज मिले हैं और उन्हें उपचार के लिए रोहतक पीजीआई भेजा गया है। इससे पहले जिले के दो लोगों में लक्षण मिल थे। समसपुर निवासी 24 साल का युवक, महराणा निवासी 62 साल का व्यक्ति, पालड़ी निवासी 63 साल की महिला, चरखी निवासी 70 साल की महिला और झोझूकलां निवासी 70 वर्षीय व्यक्ति के ब्लैक फंगस के लक्षण अब तक मिले हैं। इन पांचों को उपचार के लिए रोहतक पीजीआई भेजा गया है। सरकार ने ब्लैक फंगस के मामलों के लिए जिले के लिए पीजीआई को अधिकृत किया हुआ है। इसके अलावा बुधवार को रविदास नगर निवासी 81 साल की महिला और कादमा निवासी 82 वर्षीय बुजुर्ग कोरोना से जंग हार गए। उपचार के दौरान बुधवार को उनकी मौत हो गई। कोरोना प्रोटोकोल के अनुसार उनका दाह-संस्कार करवाया गया। बुधवार को 45 नए कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं, जिनमें से आठ शहरी और 37 ग्रामीण क्षेत्र से हैं। बुधवार को 14 महिलाएं भी संक्रमित मिली हैं और विभाग ने सभी नए संक्रमितों को ट्रेस कर लिया है।
758 सैंपल की रिपोर्ट लंबित
26 मई की शाम तक जिले से कोरोना जांच के लिए 178992 सैंपल लिए गए हैं। इनमें से 4824 की रिपोर्ट पॉजिटिव और 173410 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। बुधवार को 844 सैंपल लिए गए और 758 सैंपल की रिपोर्ट अभी लंबित हैं। जिले में 119 संक्रमितों की मौत हो चुकी है जबकि 4361 स्वस्थ हो चुके हैं। फिलहाल 344 संक्रमित उपचारधीन हैं। इनमें से 94 आइसोलेशन वार्डों में और 250 होम आइसोलेट हैं।
बुधवार को इन क्षेत्रों में मिले संक्रमित
बुधवार को दादरी शहर में आठ संक्रमित मिले हैं जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। इसके अलावा सांवड़, रानीला, फौगाट, काकड़ोली हुक्मी, रामलवास, बिलावल, नीमली, डोहका हरिया, बेरला, खोरड़ा, डोहका मौजी, बाढड़ा, कारी रूपा, साहुवास, झोझूकलां, लाडावास, रामबास, कादमा, कालियावा, रूदड़ोल, जेवली में नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं।
10 सेशन लगाकर 558 लोगों को लगाई वैक्सीन
बुधवार को जिला स्वास्थ्य विभाग ने 10 केंद्रों पर सेशन लगाकर 558 लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई। जिला वैक्सीनेशन इंचार्ज डॉ. आशीष मान ने बताया कि सिविल अस्पताल में 201, एमसीएच में 22, बौंदकलां में 10, अचीना में 45, सांवड़ में 31, झोझूकलां में 50, बलकरा में 10, मानकावास में 54 और माई कलां में 100 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। उन्होंने बताया कि सभी सेशन 45 वर्ष से अधिक की उम्र के लोगों के लिए लगाए गए।
जिले में अब तक पांच लोगों में ब्लैक फंगस के लक्षण मिल चुके हैं और इन सभी को हमने उपचार के लिए रोहतक पीजीआई भेज दिया है। बुधवार को दो कोरोना संक्रमितों की मौत हुई जबकि 45 नए पॉजिटिव केस मिले हैं। वैक्सीनेशन कार्य लगातार जारी है।
डॉक्टर सुदर्शन पंवार, सीएमओ।