साइबर थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए साइबर ठग।
चरखी दादरी। दादरी साइबर क्राइम थाना पुलिस टीम ने क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के तीन गुर्गाें को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान पानीपत के जमालपुर निवासी ललित उर्फ विक्की, दिल्ली के विष्णु गार्डन निवासी सागर गुप्ता और दिल्ली के उत्तम नगर निवासी नितिश कुमार के रूप में हुई है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस ने पांच दिन के रिमांड पर लिया और उनसे एक मोबाइल व 13 हजार रुपये की नकदी बरामद की गई।
डीएसपी हेडक्वार्टर अशोक कुमार ने बुधवार दोपहर अपने कार्यालय में इस संबंध में प्रेसवार्ता की। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने बाढड़ा उपमंडल के काकड़ोली हट्ठी निवासी मनजीत कुमार को क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर 1.01 लाख रुपये की चपत लगाई थी। पीड़ित की ओर से साइबर क्राइम थाना में शिकायत दी गई थी, जिसमें उसने बताया था कि गत 23 मई को उसके पास एसबीआई क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के लिए फोन आया था। आरोपी ने उसे झांसे में लेकर ओटीपी पूछ लिया। 25 मई को उसके पास खाते से 12234 रुपये कटने का मैसेज आया। व्यस्त होने के कारण वह ये मैसेज नहीं देख पाया। इसके बाद एक जून को उसी नंबर से एचडीएफसी क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़वाने के लिए ओटीपी पूछा और कहा कि आपके खाता में पैसे नहीं है।
मनजीत के अनुसार तीन जून को उसने क्रेडिट कार्ड में एक लाख रुपये डलवा दिए। इसके बाद आरोपी ने क्रेडिट कार्ड की लिमिट एक लाख से एक लाख पचास हजार करने का झांसा देकर दो बार ओटीपी पूछकर खाते से 35681 व 54031 रुपये निकाल लिए। आरोपियों ने दोनों बैंकों के क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पीड़ित को 101946 रुपये की चपत लगाई। इस संबंध में पुलिस ने केस दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरोह दिल्ली में चलाता है कॉल सेंटर
डीएसपी हेडक्वार्टर अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने दिल्ली में कॉल सेंटर खोला हुआ है। पकड़े गए आरोपी कमीशन पर काम करते हैं। डीएसपी अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस टीम की ओर से ललित को जमालपुर से काबू कर पूछताछ की गई तो उसने दिल्ली निवासी दोनों आरोपियों का खुलासा किया। इसके बाद आरोपियो को नवादा मेट्रो स्टेशन से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए ठगी की इस वारदात को ट्रेस किया है। तीनों आरोपियों से नकदी और एक मोबाइल बरामद हुआ है। फिलहाल उनसे पूछताछ जारी है।
-अशोक कुमार, डीएसपी हेडक्वार्टर, चरखी दादरी