चरखी दादरी। शहर की शंकर कॉलोनी के एक कार्यालय और गाड़ियों के शीशे तोड़कर चोरी का प्रयास करने के तीसरे आरोपी को भी शहर थाना पुलिस टीम ने काबू किया है। आरोपी की पहचान शहर के कपूरी रोड निवासी अजय के रूप में हुई। इससे पहले 12 जनवरी को पुलिस ने झज्जर घाटी क्षेत्र निवासी प्रिंस और सैनीपुरा मोहल्ला निवासी सुमन को गिरफ्तार किया था।
पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि प्रेमनगर निवासी इंद्रपाल ने शहर थाना पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि वह पिछले 40 साल से डालमिया के शंकर कॉलोनी वाले कार्यालय में काम करते हैं। 10 जनवरी की शाम उन्हाेंने कार्यालय बंद किया था। 11 जनवरी की सुबह आकर देखा तो ऑफिस के दरवाजे का छोटा गेट खुला था। खिड़कियों के शीशे टूटे मिले। बाद में उन्हें पता चला कि बदमाशों ने चोरी के इरादे से बाहर खड़ी तीन गाड़ियों के शीशे भी तोड़े। शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर कॉलोनी में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली।
इसके बाद जांच अधिकारी एएसआई बिजेंद्र सिंह की टीम ने मामले की गहनता से जांच की। इस टीम ने 12 जनवरी को दो आरोपियों प्रिंस और सुमन को कपूरी रोड से गिरफ्तार किया जबकि अब इस पुलिस टीम ने तीसरे आरोपी अजय को भी दबोच लिया। तीनों आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उन्होंने ज्यादा शराब पी ली थी और शराब के नशे में ही इस घटना को अंजाम दिया गया।